Headlines

सरेंडर से पहले अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन:पटना से प्रयागराज तक निकालेंगे भव्य रोड शो, बिहार-UP में जगह-जगह होगा स्वागत




मोकामा विधायक अनंत सिंह सरेंडर करने से पहले अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में हैं। आज पटना से प्रयागराज तक भव्य रोड शो निकालेंगे। इसके लिए पूरा रूट मैप और जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम की सूची जारी की गई है। पटना स्थित आवास से उनकी यात्रा शुरू होगी। आरा, बक्सर, मोहनिया और बनारस होते हुए रात 9 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। इस दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर समर्थक उनका स्वागत करेंगे। इसे अनंत सिंह के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। 4 दिसंबर तक करना है सरेंडर, 25 को बेटी की शादी दरअसल, दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 4 दिसंबर तक या उससे पहले संबंधित जांच अधिकारी के सामने सरेंडर करने का आदेश दिया है। पहले उनके लिए सरेंडर की समय-सीमा 1 दिसंबर तय होने की बात सामने आई थी, जिसे अब बढ़ाकर 4 दिसंबर कर दिया गया है। अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है। शादी की तैयारियों के बीच वे लगातार अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के जमानत आदेश को किया निलंबित दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को बड़ा झटका दिया है। कोर्ट ने पटना हाईकोर्ट के 19 मार्च 2026 के जमानत आदेश को अगली सुनवाई तक निलंबित कर दिया है। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट ने अनंत सिंह को जमानत देते समय उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की संख्या और आरोपों की गंभीरता पर उचित तरीके से विचार नहीं किया। कोर्ट ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों को राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से जोड़कर कैसे देखा गया। सुप्रीम कोर्ट ने जांच अधिकारी को 4 महीने में जांच पूरी कर पूरक आरोपपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 4 महीने बाद होगी। हालांकि, अनंत सिंह की जमानत रद्द करने पर अंतिम फैसला अभी नहीं आया है। मेरी गाड़ी घटनास्थल से 5 KM दूर थी, मुझे फंसाया जा रहा’ सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बीच अनंत सिंह ने 2 दिन पहले एक इंटरव्यू में दुलारचंद यादव हत्याकांड को लेकर अपना पक्ष रखा था। उन्होंने दावा किया कि जिस समय घटनास्थल पर विवाद हुआ, उनकी गाड़ी वहां से करीब 5 किलोमीटर आगे निकल चुकी थी। अनंत सिंह के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2025 को वे खाना खाने के बाद अपने समर्थकों और काफिले के साथ निकले थे। काफिले में कई गाड़ियां थीं। कुछ गाड़ियां आगे निकल गई थीं, जबकि कुछ पीछे रह गई थीं। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि पीछे लड़ाई हो गई है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पीछे चल रही गाड़ियों में अपने समर्थकों को फोन कर विवाद के बारे में पता लगाने की कोशिश की थी। अनंत सिंह ने खुद को इस मामले में फंसाए जाने का आरोप लगाया है। यह उनका अपना दावा है। 67 आपराधिक मामलों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने उठाए सवाल दुलारचंद यादव हत्याकांड में मार्च 2026 में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद अनंत सिंह जेल से बाहर आए थे। इस जमानत को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। सुनवाई के दौरान उनके खिलाफ दर्ज 67 आपराधिक मामलों का मुद्दा उठा। याचिकाकर्ता की वकील शिल्पी चौधरी के मुताबिक, अनंत सिंह की बेटी की शादी को देखते हुए उन्हें सरेंडर करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। वहीं, याचिकाकर्ता के वकील अमरकांत पटेल ने बताया कि अनंत सिंह के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, अपहरण और जबरन वसूली जैसे गंभीर आरोपों में मामले दर्ज हैं। क्या है दुलारचंद यादव हत्याकांड? 30 अक्टूबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा में जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के प्रचार के दौरान हिंसा हुई थी। उस समय अनंत सिंह जदयू के टिकट पर मोकामा से चुनाव लड़ रहे थे, जबकि राजद नेता दुलारचंद यादव जन सुराज प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पक्षों के काफिले आमने-सामने आ गए थे। इसी दौरान हुई हिंसा में दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी। घटना के बाद अनंत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। हालांकि, जेल में रहते हुए भी उन्होंने मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव जीत लिया था। मार्च 2026 में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वे जेल से बाहर आए थे। अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद उन्हें 4 दिसंबर तक सरेंडर करना होगा। छोटी बेटी की शादी की तैयारी के बीच विधानसभा का नोटिस एक तरफ अनंत सिंह अपनी छोटी बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्हें बिहार विधानसभा सचिवालय की ओर से नोटिस भी जारी किया गया है। यह नोटिस पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में भेजा गया है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के निर्देश पर सचिव संजय कुमार सिंह ने नोटिस जारी किया है। इसमें अनंत सिंह से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। सोमवार को उन्होंने विधानसभा का नोटिस प्राप्त कर लिया था। इससे पहले 2 नवंबर को वे शादी की तैयारियों का जायजा लेने अपने गांव पहुंचे थे। बेटी की शादी 25 नवंबर को होनी है। शादी से जुड़े कार्यक्रमों में कई भोजपुरी कलाकारों के शामिल होने की भी चर्चा है। 24 अक्टूबर को JDU ने अनंत सिंह और पत्नी को 6 साल के लिए निकाला विधान परिषद चुनाव के दौरान पार्टी लाइन से हटकर गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में जदयू ने 24 अक्टूबर को अनंत सिंह को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को भी पार्टी से छह साल के लिए निकाल दिया गया था। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अनंत सिंह की सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा की थी। इसके साथ ही करीब 10 पन्नों के दस्तावेज और वीडियो साक्ष्य भी सौंपे गए थे। इसी शिकायत के आधार पर विधानसभा सचिवालय ने अनंत सिंह को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *