![]()
पटना में त्योहारों से पहले अंधेरे की समस्या दूर करने के लिए पटना नगर निगम ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। निगम क्षेत्र के सभी 75 वार्डों में 7,500 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। प्रत्येक वार्ड को 100-100 लाइटें उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। निगम प्रशासन के अनुसार, 31 अक्टूबर तक वार्डों में लाइटें पहुंचा दी जाएंगी, जबकि इन्हें लगाने का काम नवंबर के पहले सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है। एजेंसी ने 29 अक्टूबर तक लाइटों की खरीदारी पूरी करने का आश्वासन दिया है। जरूरत के अनुसार तय होंगे लाइट लगाने के स्थान नई स्ट्रीट लाइटें संबंधित वार्डों के सैनेटरी इंस्पेक्टर (एसआई) को सौंपी जाएंगी। लाइट लगाने के लिए स्थानों का चयन वार्ड पार्षदों के सुझाव और नगर निगम के आंतरिक सर्वे के आधार पर किया गया है। उन सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां रोशनी की कमी है। पूरी तरह खराब हो चुकी लाइटों को हटाकर नई लाइटें लगाई जाएंगी। रोजाना एक हजार खराब लाइटें ठीक करने का लक्ष्य नई लाइटों की स्थापना के साथ पुरानी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत भी तेज की जा रही है। फिलहाल शहर में प्रतिदिन करीब 600 से 700 खराब लाइटों को ठीक किया जा रहा है। नगर निगम ने इस संख्या को बढ़ाकर रोजाना एक हजार लाइटें दुरुस्त करने की योजना बनाई है। मरम्मत कार्य के लिए तीन-तीन सदस्यों वाली 26 टीमें अलग-अलग इलाकों में तैनात हैं। ये टीमें खराब लाइटों के साथ स्विच, वायरिंग और अन्य तकनीकी समस्याओं को ठीक कर रही हैं। जिन लाइटों की मरम्मत संभव नहीं है, उन्हें बदलने की व्यवस्था की जा रही है। शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर और व्हाट्सऐप सुविधा नगर निगम क्षेत्र में बंद स्ट्रीट लाइटों को लेकर लोग कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए टोल फ्री नंबर 155304 और व्हाट्सऐप चैटबॉट नंबर 9264447449 जारी किया गया है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित तकनीकी टीम को समस्या के समाधान के लिए भेजा जाएगा। पटना नगर निगम क्षेत्र में फिलहाल 82 हजार से अधिक स्ट्रीट लाइटें लगी हैं। इनके रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी ईईएसएल (EESL) एजेंसी के पास है। नई लाइटों की स्थापना और मरम्मत कार्य में तेजी आने से शहर की प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
Source link
पटना में हर रोज 1000 स्ट्रीट लाइटों की होगी मरम्मत:सभी वार्डों को मिलेंगी 100-100 नई स्ट्रीट लाइटें, नवंबर के पहले सप्ताह से शुरू होगा काम
