Headlines

भांजे की हत्या के बदले आरोपी के नाना की हत्या:आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मर्डर में यूज लोहे का रॉड भी किया बरामद




भोजपुर के चांदी थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में युवक की हत्या के प्रतिशोध में पीट-पीटकर एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। इस दौरान बुजुर्ग की पत्नी से भी मारपीट किया गया, जो गंभीर रूप से घायल हो गई। बुजुर्ग की पत्नी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में एडमिट कराया गया है। बुजुर्ग की हत्या और उनकी पत्नी को घायल किए जाने की सूचना के बाद स्थानीय थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई। वहीं, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग की हत्या और उनकी पत्नी को गंभीर रूप से घायल करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान चांदी थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के रहने वाले 70 साल के बसंत सिंह, जबकि उनकी घायल पत्नी की पहचान 65 साल की कुसुम देवी के रूप में की गई है। बसंत सिंह झारखंड के धनबाद के कोयलरी में लोडिंग बाबू के तौर पर काम करते थे। वहीं, आरोपी की पहचान चांदी थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के ही रहने वाले रामाशंकर सिंह के रूप में हुई है। भांजे की हत्या के विरोध में आरोपी ने वारदात को दिया अंजाम घटना को लेकर सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि चांदी थाना पुलिस को सूचना मिली कि विशुनपुरा गांव में बसंत सिंह और उनकी पत्नी कुसुम देवी के साथ गांव के ही रामाशंकर की ओर से रॉड से पिटाई कर बुरी तरह घायल कर दिया गया है। घटना में बसंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि उनकी पत्नी कुसुम देवी जख्मी हो गई है, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। सूचना पाकर स्थानीय थाना मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल की टीम की ओर से घटनास्थल से सैंपल जुटाए गए। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से ही वारदात में यूज लोहे के रॉड को भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान हत्या का कारण प्रतिशोध बताया गया है। आरोपी के भांजे की 16 अगस्त को की गई थी हत्या आरोपी ने पुलिस को बताया कि 16 अगस्त को पवना थाना क्षेत्र के पवना बाजार में उसके भांजा शांतनु कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में बसंत सिंह का नाती अश्विनी कुमार उर्फ मोलू नामजद था, जिसे गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था। इसी घटना को लेकर मैंने आरोपी के नाना बसंत सिंह की हत्या की है। इधर, मृतक के दामाद मनीष कुमार ने बताया कि उनके ससुर बसंत सिंह की हत्या प्रतिशोध में की गई है। उन्होंने बताया कि पवना बाजार पर बड़गांव गांव निवासी शांतनु कुमार की हत्या हुई थी। उसी प्रतिशोध में यह घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि मैं पटना से लौट रहा था। तब मेरी पत्नी की ओर से फोन कर बताया गया कि कुछ लोगों ने माता-पिता की बुरी तरह पिटाई की, जिसमें पिता की मौत हो गई। मृतक के दामाद मनीष कुमार ने बताया कि जिस दिन शांतनु कुमार की हत्या हुई थी। उस दिन उनका बेटा अश्विनी कुमार उर्फ मोलू बालू घाट पर था। उसका साक्ष्य के तौर पर उनके पास सीसीटीवी फुटेज भी है। गलत तरीके से उस हत्या में उनके बेटे को निर्दोष होते हुए भी फसाया गया है और प्रतिशोध में उनके बेकसूर ससुर की भी हत्या की गई है। शांतनु के पिता ने अश्विनी समे तीन के खिलाफ दर्ज कराई थी प्राथमिकी 16 अगस्त की रात पवना थाना क्षेत्र के पवना बाजार पर अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव निवासी कुंदन सिंह के पुत्र शांतनु कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता कुंदन सिंह की ओर से पवना थाना क्षेत्र के पवना गांव निवासी मनीष कुमार के पुत्र अश्विनी कुमार उर्फ मोलू को नामजद एवं दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बताया जाता है कि मृतक बसंत सिंह को सिर्फ दो पुत्री अनीता देवी एवं नीतू देवी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी कुसुम देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *