Headlines

कोसी बराज से 1.77 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज:तटबंध के भीतर गांवों में फैला पानी, जलस्तर में और वृद्धि की आशंका




नेपाल के तराई क्षेत्र और सुपौल में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है। रविवार सुबह 6 बजे कोसी बराज से कुल 1,77,735 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बावजूद नदी का दबाव बना हुआ है, जिससे तटबंध के भीतर बसे गांवों और खेतों में पानी तेजी से फैलने लगा है। कोसी कंट्रोल रूम के आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह 4 बजे डिस्चार्ज 1,87,210 क्यूसेक तक पहुंच गया था। सुबह 6 बजे डाउन स्ट्रीम डिस्चार्ज 1,74,535 क्यूसेक रहा। पश्चिमी कोसी मुख्य नहर (डब्ल्यूकेएमसी) में 3,200 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि पूर्वी कोसी मुख्य नहर (ईकेएमसी) में पानी नहीं छोड़ा गया। शनिवार सुबह 6 बजे कुल डिस्चार्ज 1,57,085 क्यूसेक था, जो रविवार को बढ़कर 1,77,735 क्यूसेक हो गया। बराहक्षेत्र (बीकेएस) में रविवार सुबह 6 बजे जलप्रवाह 1,30,700 क्यूसेक दर्ज किया गया। खेत-खलिहानों में पानी भरा जलस्तर बढ़ने से तटबंध के भीतर के निचले इलाकों में पानी तेजी से फैल रहा है। कई गांवों के खेत-खलिहानों में पानी भरने लगा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। यदि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश जारी रहती है, तो आने वाले दिनों में जलस्तर में और वृद्धि की आशंका है। जिला प्रशासन ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी है। जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश पर जल संसाधन विभाग के अभियंताओं की टीम तटबंधों, स्परों और संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी कर रही है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील प्रशासन ने बताया कि फिलहाल सभी सुरक्षा तटबंध और स्पर पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा कहीं से किसी प्रकार के कटाव या खतरे की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *