![]()
बेगूसराय में बदमाशों ने शुक्रवार शाम एक वॉशिंग सेंटर संचालक की ताबड़तोड़ तीन गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना फुलवरिया थाना क्षेत्र में कार्बन फैक्ट्री चौक के पास की है। मृतक की पहचान फुलवरिया- तीन के रहने वाले रामकुमार राम के पुत्र गणेश कुमार (26) के रूप में हुई है, गणेश कार्बन फैक्ट्री के पास वॉशिंग सेंटर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के संबंध में मृतक के सहकर्मी प्रकाश कुमार शर्मा ने बताया कि शाम 6 बजे के बाद वे लोग दुकान बंद कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। गणेश पास के ही महारानी पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल लेकर लौटा था और कुछ देर रुकने के बाद अपने घर की ओर निकल गया। इसी बीच साथ में मौजूद दोस्तों की बाइक अचानक स्टार्ट नहीं हो सकी। प्रकाश और उनके एक अन्य साथी अजय कुमार जब अपनी बाइक ठीक करने की कोशिश कर रहे थे। तब तक गणेश उनसे करीब 300 मीटर आगे निकल चुका था। जैसे ही गणेश कार्बन फैक्ट्री चौक के पास पहुंचा, घात लगाए अपराधियों ने उसे निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना से जुड़ी तीन तस्वीरें देखिए स्थानीय दुकानदारों ने फोन पर गोली मारे जाने की जानकारी दी स्थानीय चाय दुकानदार के जरिए दोस्तों को फोन पर खबर मिली कि गणेश को गोली मार दी गई है। शुरुआत में दोस्तों को लगा कि कोई मजाक कर रहा है, लेकिन मामले की गंभीरता समझ आते ही वे बदहवास स्थिति में मौके की ओर दौड़े। गणेश को करीब से तीन गोलियां छाती और पेट में मारी गई थी, वह सड़क पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। घटना के समय इलाके में गश्त कर रही पुलिस टीम को जैसे ही इसकी सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। गश्ती दल में शामिल पुलिस सब-इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि खबर मिलते ही पुलिस टीम तीन मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल गणेश को उठाकर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से तुरंत लाइफलाइन अस्पताल पहुंचाया। हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक इलाज के बाद रेफर किया गया, सदर अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल हत्या के बाद इलाके के लोगों में भारी गुस्सा और दहशत व्याप्त है। हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनीष भी मौके पर पहुंचे और विभिन्न पहलुओं की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस खूनी वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक की बहन बोली- आरोपी ने जमीन छोड़ने की धमकी दी थी मृतक की बहन रिंकी देवी ने बताया कि उन्होंने और उनके भाई ने करीब एक साल पहले रहने के लिए हम दोनों भाई-बहन ने मिलकर 5 कट्ठा जमीन खरीदी थी। उन्होंने और उनके पति ने अस्पताल में काम करके पाई-पाई जोड़कर यह जमीन ली थी। जमीन खरीदने के बाद से ही आरोपी पक्ष उन्हें लगातार जमीन छोड़ने की धमकी दे रहा था और जान से मारने की बात कह रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी जमीन का म्यूटेशन भी नहीं होने दे रहा था। सुरक्षा के डर से मृतक की बहन ने जमीन पर सीसीटीवी कैमरा भी लगवा दिया था। मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि धमकियों से तंग आकर उन्होंने करीब 2-3 महीने पहले ही फुलवरिया थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रिंकी देवी ने बिलखते हुए कहा कि हमने थाने में आवेदन दिया, पर पुलिस ने कुछ नहीं सुना। आज उन्होंने मेरे भाई को मार दिया। अब क्या पुलिस या कोई और मुझे मेरा भाई वापस लाकर देगा। तीन भाई भाइयों में सबसे बड़ा था मृतक मृतक की शादी हो चुकी है और वह अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा भाई था। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधी तीन की संख्या में थे। हालांकि इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा। वहीं घटना को किसने और क्यों दिया है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा। एसपी मनीष ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर जांच-पड़ताल की जा रही है।
Source link
बेगूसराय में वॉशिंग सेंटर संचालक को गोलियों से भूना, मौत:सीने और पेट में मारी तीन गोलियां, बहन बोली- जमीन को लेकर विवाद था
