Headlines

मधुबनी में आयुर्वेदिक दुकान पर छापेमारी:वैलिड डॉक्यूमेंट और लाइसेंस नहीं, दुकान बंद करने का निर्देश




मधुबनी में खुटौना थाना क्षेत्र के खुटौना बाजार स्थित वासुदेव स्थान के समीप संचालित शिवजी महतो जड़ी-बूटी आयुर्वेदिक दवा दुकान में गुरुवार को जिला आयुष विभाग की टीम ने छापेमारी कर जांच की। कार्रवाई अनुमंडल दंडाधिकारी, फुलपरास के निर्देश पर शिकायत के आलोक में की गई। छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं, अंचलाधिकारी मनोज कुमार को मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। छापेमारी टीम में आयुष देसी चिकित्सा की जिला पदाधिकारी डॉ. प्रेमलता और आयुष पटना के ड्रग इंस्पेक्टर इंद्रकांत कुमार समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। दवाओं पर कोई लेबल अंकित नहीं था टीम ने दुकान के साथ-साथ दुकानदार के कई गोदामों की भी जांच की। जांच के दौरान दुकान में माप-तौल से संबंधित वैध व्यवस्था, जीएसटी से जुड़े दस्तावेज, फायर विभाग की आवश्यक व्यवस्था तथा बिजली का व्यावसायिक कनेक्शन नहीं पाए जाने की बात सामने आई। जांच के दौरान टीम को दो प्रकार की संदिग्ध दवाएं भी मिलीं। अधिकारियों के अनुसार इन दवाओं पर कोई लेबल अंकित नहीं था और न ही उनके सरकार से प्रमाणित होने का कोई दस्तावेज प्रस्तुत किया गया। गोदामों की जांच में भी कई प्रकार की संदिग्ध दवाएं बरामद होने की बात कही गई। टीम ने संदिग्ध दवाओं के नमूने संग्रहित किए हैं, जिन्हें जांच के लिए पटना स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। दुकान और गोदाम बंद रखने का निर्देश दिया जिला आयुष पदाधिकारी डॉ. प्रेमलता ने बताया कि प्राप्त परिवाद के निर्देश के आलोक में जांच की गई। जांच में दुकानदार द्वारा आयुर्वेदिक औषधि, जड़ी-बूटी एवं स्वनिर्मित चूर्ण की खरीद-बिक्री किए जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि दुकानदार की ओर से इस कारोबार के संचालन से संबंधित कोई प्राधिकार पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। डॉ. प्रेमलता के अनुसार प्रथम दृष्टया प्रतिष्ठान का संचालन नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया। न्यायिक जांच प्रक्रिया पूरी होने तक दुकान और गोदाम बंद रखने का निर्देश दिया गया है। प्रतिष्ठान पर नोटिस भी चिपकाया गया है। उन्होंने कहा कि निर्देश के बावजूद दुकान संचालित करने पर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *