Headlines

औरंगाबाद- बाइक सवार बदमाशों ने हेडमास्टर पर किया जानलेवा हमला:5 से 6 बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीटा, सरकारी कागजात से भरा झोला लेकर भागे




औरंगाबाद में गुरुवार को अपराधियों ने राजकीयकृत पल्स टू हाई स्कूल कुटुंबा के प्रभारी हेडमास्टर डॉ. रामकिशोर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उनके साथ मौजूद सहायक शिक्षक मो. वारिस खलील भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना कुटुंबा पश्चिम टोला में संजय गुप्ता के होटल के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. रामकिशोर अपने सहयोगी शिक्षक मो. वारिस खलील के साथ बाइक से सरकारी कागजात लेकर बीआरसी अंबा जा रहे थे। इसी दौरान पश्चिम बाजार मोड़ के पास बाइक सवार 5-6 अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद सभी बदमाशों ने दोनों शिक्षकों पर लाठी-डंडे से हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रधानाध्यापक ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे सिर पर गंभीर चोट से बचाव हुआ। हालांकि उनके शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। वहीं सहायक शिक्षक मो. वारिस खलील के माथे में गहरी चोट लगी है। कागजात से भरा झोला लेकर भागे बदमाश हमले के दौरान बदमाश प्रभारी प्रधानाध्यापक के हाथ में मौजूद सरकारी कागजात से भरा झोला लेकर लोहरचक की ओर फरार हो गए। वारदात के बाद दोनों शिक्षक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकले। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल कुटुंबा पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. नवल किशोर सिंह ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार सहायक शिक्षक के माथे में गहरी चोट है और उन्हें तत्काल सीटी स्कैन कराने की आवश्यकता है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में शिक्षक कुटुंबा थाना पहुंच गए। शिक्षकों ने पुलिस से बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की। शिक्षक रमेश कुमार, महेंद्र मिश्र, उपेंद्र कुमार, दिनेश प्रसाद कश्यप और ओम कुमार ने कहा कि थाना से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर सघन बाजार में दिनदहाड़े शिक्षकों पर हमला किया गया है। इससे अपराधियों के दुस्साहस का अंदाजा लगाया जा सकता है। शिक्षकों ने कहा कि सरकारी काम से जा रहे शिक्षकों को इस तरह रोककर हमला करना गंभीर मामला है। घटना के बाद शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया है। शिक्षक संगठनों और विद्यालय कर्मियों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना के संबंध में प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. रामकिशोर ने कुटुंबा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में उन्होंने बताया है कि वे सहायक शिक्षक मो. वारिस खलील के साथ सरकारी कागजात बीआरसी कार्यालय अंबा में जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान 5-6 बाइक सवार युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद उनके पास मौजूद कागजात से भरा झोला लेकर सभी आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कुटुंबा थानाध्यक्ष चंद्रहास सिंह ने बताया कि शिक्षकों के साथ मारपीट की घटना पुलिस के संज्ञान में है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। इधर, बाजार के बीच हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और शिक्षकों का कहना है कि यदि बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में अपराधी इस तरह की घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो सकते हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता स्वाभाविक है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *