![]()
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड की भुसवर पंचायत में पीएम आवास योजना की सूची को लेकर शुक्रवार को आयोजित आमसभा में जमकर हंगामा हुआ। सूची में नाम नहीं होने से नाराज महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाए। इसी दौरान एक महिला ने चप्पल निकालकर आवास सहायक को मारने की कोशिश की। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवास सहायक शंभू पंडित को सुरक्षित वहां से निकालकर थाने ले गई। हालांकि, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। आमसभा में बढ़ते हंगामे के कारण बैठक को बीच में ही रद्द करना पड़ा। महिलाओं ने लगाया पैसे लेने का आरोप महिलाओं का आरोप है कि पीएम आवास योजना में नाम जोड़ने के नाम पर आवास सहायक शंभू पंडित ने कुछ लोगों से 1,500 से 2,000 रुपए तक लिए थे। पैसे लेने के बावजूद जारी सूची में उनका नाम नहीं है। वहीं, कुछ महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि सूची में ऐसे लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, जिनके मकान पहले से पक्की छत वाले हैं। इसे लेकर आवास सहायक से जवाब मांगते हुए हंगामा शुरू कर दिया। चप्पल लेकर आवास सहायक को दौड़ाया आमसभा के दौरान पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी रंजीत कुमार ईश्वर की पत्नी गंगा देवी भी आवास सहायक पर आरोप लगाते हुए आक्रोशित हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम आवास योजना में नाम जोड़ने के लिए उनसे 1,500 रुपए लिए गए थे, लेकिन सूची में उनका नाम नहीं है। इसी दौरान गंगा देवी ने अपना चप्पल निकाल लिया और आवास सहायक शंभू पंडित की ओर बढ़ते हुए उन्हें मारने की कोशिश की। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर बचाया और उन्हें मौके से बाहर निकाला। इसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं वहां जुट गईं। हंगामे के बाद आमसभा रद्द बताया गया कि भुसवर पंचायत में पीएम आवास योजना को लेकर मुखिया रंजीत कुमार महतो की अध्यक्षता में आमसभा आयोजित की गई थी। इसमें पंचायत क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। बैठक के दौरान आवास योजना की सूची जारी की गई। सूची में कई महिलाओं के नाम नहीं होने के बाद विवाद शुरू हो गया। हंगामा बढ़ने पर आमसभा को बीच में ही रद्द कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवास सहायक को सुरक्षा के बीच वहां से थाने ले गई। बताया गया कि मौके पर महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं, इसलिए किसी महिला को पुलिस अपने साथ थाने नहीं ले जा सकी।
आवास सहायक ने आरोपों को बताया गलत इधर, आवास सहायक शंभू पंडित ने महिलाओं द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन किया है। उनका कहना है कि पीएम आवास योजना की सूची जांच-पड़ताल के बाद तैयार की गई है। उन्होंने अपने ऊपर पैसे लेने के लगाए जा रहे आरोपों को गलत बताया है।
Source link
विभूतिपुर में पीएम आवास योजना की लिस्ट पर हंगामा:नाम नहीं होने पर भड़की महिला, आवास सहायक को चप्पल से मारने की कोशिश
