Headlines

मधुबनी में 10 दिवसीय इंद्र पूजा मेला शुरू:उद्घाटन के साथ ही हुई बारिश, लोगों में उत्साह




मधुबनी शहर के गंगासागर मंदिर परिसर और सूड़ी हाई स्कूल परिसर में 10 दिवसीय इंद्र पूजा मेला शुरू हो गया है। मिथिला की प्रसिद्ध धार्मिक परंपराओं में शामिल इस मेले का उद्घाटन बुधवार रात करीब 10 बजे हुआ। मधुबनी नगर निगम के मेयर और भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य अरुण राय ने फीता काटकर इसका विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौजूद थे। इस मौके पर मधुबनी विधायक माधव आनंद, पूर्व विधान पार्षद विनोद सिंह समेत कई स्थानीय नेता, समाजसेवी और पूजा समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद सभी गणमान्य लोगों ने इंद्र भगवान की प्रतिमा के सामने पूजा की और क्षेत्र में सुख-समृद्धि व अच्छी बारिश की कामना की। मिथिला में इंद्र पूजा का खास धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। माना जाता है कि इंद्र भगवान की पूजा करने से अच्छी बारिश होती है। इस साल मधुबनी जिले में लंबे समय से पर्याप्त बारिश नहीं हुई थी, जिससे लोगों को काफी दिक्कतें हो रही थीं। ऐसे में इंद्र पूजा शुरू होते ही मधुबनी शहर में बारिश होने लगी, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह दिखा। कई लोगों ने इसे इंद्र भगवान की कृपा बताया। इंद्र पूजा मेले में दोनों पूजा स्थलों पर कई तरह के झूले, मनोरंजन के साधन और खाने-पीने व अन्य सामानों की दुकानें लगाई गई हैं। मेला परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। अगले 10 दिनों तक मधुबनी शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां आकर पूजा करेंगे और मेले का मजा लेंगे। इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए मेयर अरुण राय ने कहा कि इंद्र पूजा मिथिला की एक अहम धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा है। ऐसे आयोजनों से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्ते भी मजबूत होते हैं। उन्होंने सभी लोगों से शांति और सद्भाव के माहौल में मेले का आनंद लेने की अपील की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *