Headlines

गयाजी में मोरहर नदी में डूबकर शख्स की मौत:2 किमी दूर मिला शव, शौच के लिए गए थे; पैर फिसलने से हादसा




गयाजी के गुरुआ थाना क्षेत्र के दादुबरमा टोला लालगढ़ गांव में बुधवार को 67 साल के रामोतार चंद्रवंशी की मोरहर नदी में डूबने से मौत हो गई। रामोतार शौच के लिए नदी किनारे गए थे। पैर फिसलने की वजह से वो पानी में गिर गए। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने काफी देर तक नदी में उनकी तलाश की। करीब 2 किलोमीटर दूर मल्हचक के पास उनका शव मिला। रामोतार चंद्रवंशी बुधवार को गांव के ही एक व्यक्ति के साथ शौच के लिए मोरहर नदी की ओर गए थे। साथ गए व्यक्ति ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ नदी किनारे जमा हो गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर रामोतार की तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर नदी में तलाश शुरू की। काफी कोशिश के बाद घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर मल्हचक के पास रामोतार का शव मिला। पुलिस मौके पर पहुंची घटना की सूचना मिलते ही गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार और अंचलाधिकारी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के स्तर से घटना की जांच की जा रही है।
तीन पुत्रों के सिर से उठा पिता का साया
पंचायत के मुखिया परमेश्वर चौधरी ने बताया कि मृतक रामोतार चन्द्रवंशी के 3 बेटे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी कमजोर है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
घटना के बाद जदयू के प्रखंड अध्यक्ष नीतीश कुमार दांगी ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को सरकार के प्रावधान के अनुसार उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और ऐसे में प्रशासन की ओर से मिलने वाली सहायता से परिजनों को कुछ राहत मिल सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *