![]()
बक्सर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री को आरपीएफ जवान बनकर अगवा करने और बाद में उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने यात्री के परिजनों से पैसे की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद रेल पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। करीब 24 घंटे के भीतर आरा के जगजीवन हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक से यात्री का शव बरामद किया गया। मामले में भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बरीसवन निवासी रोहित दुबे को वाराणसी से गिरफ्तार किया गया है। हैदराबाद से घर लौट रहा था नितिन मृतक की पहचान वैशाली के चांदसराय गांव निवासी नितिन कुमार के रूप में हुई है। वह मुकेश राय के बेटे थे और हैदराबाद में मजदूरी करते थे। नितिन 19 सितंबर को हैदराबाद-दानापुर स्पेशल ट्रेन से घर लौट रहे थे। 20 सितंबर की रात करीब 10 बजे उन्होंने परिजनों को फोन कर बताया था कि वह बक्सर पहुंचने वाले हैं। कुछ देर बाद नितिन ने दोबारा परिजनों से बात की। उन्होंने बताया कि आरपीएफ ने उन्हें पकड़ लिया है और छोड़ने के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं। पहले 10 हजार रुपए की मांग की गई, जिसे बाद में बढ़ाकर 20 हजार रुपए कर दिया गया। इसी दौरान नितिन का मोबाइल बंद हो गया। फोन बंद होने के बाद परिजनों ने दी सूचना काफी देर तक नितिन से संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने बक्सर रेल पुलिस को इसकी जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद रेल पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान नितिन के साथ किसी अनहोनी की आशंका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरा के जगजीवन हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक से नितिन का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद पुलिस ने अपहरण के साथ हत्या के एंगल से भी जांच शुरू कर दी। लोकेशन वाराणसी में मिली, होटल के आसपास निगरानी जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली। उसकी लोकेशन वाराणसी में ट्रेस हुई। इसके बाद बक्सर, आरा और दिलदारनगर की आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त टीम ने वाराणसी में एक होटल के आसपास निगरानी शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को इसकी भनक लगते ही उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया। इसके बावजूद टीम उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रही। बाद में भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बरीसवन निवासी रोहित दुबे को वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया गया।
Source link
बक्सर स्टेशन पर RPF जवान बनकर यात्री का अपहरण:पैसे मांगने के बाद हत्या; 24 घंटे में रेलवे ट्रैक से मिला शव, वाराणसी से आरोपी गिरफ्तार
