![]()
जहानाबाद शहर के 2 जाने-माने कारोबारियों से 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। उन्हें डाक के जरिए धमकी भरे लेटर भेजे गए हैं। इन पत्रों में खुद को TPC बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया गया है और रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के मलहचक कुटियापर मोहल्ले की है, जिसके बाद इलाके में डर का माहौल है। मामले से जुड़ी तस्वीरें देखिए…. अब जानिए पूरी घटना…. सूर्य वर्चस स्कूल के डायरेक्टर मनीष कुमार से 15 लाख रुपए की लेवी मांगी गई है। मनीष कुमार देश की मशहूर दवा कंपनी अरिस्टो फार्मा के मैनेजिंग डायरेक्टर उमेश शर्मा के दामाद हैं। लेटर में लिखा है कि रकम का इंतजाम होने पर स्कूल की छत पर लाल झंडा लगाया जाए। इसके बाद गैंग का कोई व्यक्ति आकर पैसे ले जाएगा। इसी तरह, उसी बिल्डिंग के मालिक और कारोबारी प्रवीण कुमार शर्मा को भी डाक से धमकी भरा लेटर भेजकर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। अलग-अलग FIR दर्ज कर जांच शुरू दोनों लेटर बभना निवासी सहदेव सिंह के नाम से पोस्ट किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों लेटर की लिखावट, भाषा और धमकी देने का तरीका लगभग एक जैसा है। इससे लगता है कि दोनों मामले आपस में जुड़े हो सकते हैं। घटना के बाद दोनों परिवारों में डर का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज चेक कर रही पुलिस पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी के पीछे कोई असली गैंग है या किसी ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी मांगने की साजिश की है। साथ ही, डाकघर और आसपास के CCTV की फुटेज भी देखी जा रही है ताकि लेटर भेजने वाले का पता चल सके।
Source link
जहानाबाद में 2 कारोबारियों से 40 लाख की रंगदारी मांगी:TPC बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरे लेटर भेजे
