Headlines

नवादा में लग्जरी कार से 676 टेट्रा पैक शराब जब्त:इंडिकेटर में छिपाकर झारखंड से लाई जा रही थी बिहार, तस्कर गिरफ्तार




नवादा में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। रजौली स्थित समेकित जांच चौकी पर वाहन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की गई। यह घटना 14 जुलाई 2026 को हुई। जब्त की गई शराब ‘ऑफिसर चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की’ ब्रांड की थी। इसमें 180 मिलीलीटर के 676 टेट्रा पैक शामिल थे, जिनकी कुल मात्रा 121.680 लीटर है। तस्करों ने शराब को वाहन के इंडिकेटर में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाया था। यह शराब झारखंड से बिहार लाई जा रही थी। अवैध शराब के व्यापार में संलिप्त था आरोपी इस मामले में सफेद रंग की महिंद्रा मराज़ो गाड़ी (पंजीकरण संख्या JH12K/2560) जब्त की गई है। गाड़ी चला रहे बोकारो, झारखंड निवासी संजय कुमार साव (लगभग 40 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध शराब के व्यापार और परिवहन में लंबे समय से संलिप्त था। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह एक सुनियोजित तस्करी का हिस्सा प्रतीत होता है। शराब को बिहार में बेचने के उद्देश्य से लाया जा रहा था, जहाँ शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे शराब की आपूर्ति श्रृंखला, अन्य सहयोगियों और बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। उत्पाद विभाग की टीम अलर्ट स्थानीय प्रशासन ने इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि उत्पाद विभाग की टीमें लगातार चौकस हैं और तस्करों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बिहार में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *