![]()
बिहारशरीफ शहर की सड़कों और प्रमुख मोहल्लों में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक से परेशान नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम प्रशासन ने इस गंभीर समस्या पर कड़ा संज्ञान लेते हुए स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ने का सघन अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के पहले ही दिन नगर निगम की प्रशिक्षित टीम ने शहर के संवेदनशील इलाकों में कार्रवाई करते हुए 6 आवारा कुत्तों को डॉग कैचर वाहन की मदद से सुरक्षित पकड़ा और शहर की सीमा से बाहर भेजा। निगम की इस त्वरित पहल से राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। शिकायतों के बाद नगर आयुक्त ने लिया कड़ा संज्ञान नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि विगत कई दिनों से शहर के विभिन्न वार्डों और मुख्य मार्गों पर आवारा कुत्तों की बढ़ती तादाद को लेकर आम जनता से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शहर के कई व्यस्त चौराहों पर कुत्तों के बड़े-बड़े झुंड जमा हो जाते थे, जो आने-जाने वाले लोगों के लिए भारी खतरा पैदा कर रहे थे। कई बार ये झुंड अचानक राहगीरों और बाइक सवारों पर झपट पड़ते हैं, जिससे लोग घबराकर गिर जाते हैं और गंभीर सड़क दुर्घटनाओं के शिकार हो जाते हैं। नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह अभियान चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। सड़क हादसों और डॉग बाइट की घटनाओं पर लगेगा अंकुश भैसासुर मोहल्ले के रहने वाले दामोदर मिस्त्री ने बताया कि शाम ढलते ही शहर के मुख्य मोहल्लों में पैदल चलना भी दूभर हो गया था। रात के वक्त काम से लौटने वाले दोपहिया वाहन चालकों के पीछे कुत्तों का दौड़ना आम बात हो चुकी थी, जिससे अनियंत्रित होकर वाहन पलटने की घटनाएं बढ़ रही थीं। इसके साथ ही अस्पतालों में एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने वाले मरीजों की संख्या में भी इजाफा देखा जा रहा था। नगर निगम के इस व्यापक अभियान से जहां एक ओर सड़कों पर सुरक्षा का माहौल बनेगा, वहीं दूसरी ओर कुत्तों के काटने की वारदातों पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा।
Source link
बिहारशरीफ में आवारा कुत्तों पर निगम का एक्शन:पहले दिन 6 स्ट्रीट डॉग पकड़े, निगम ने शुरू किया सघन अभियान
