![]()
पटना से सटे फतुहा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े एक व्यवसायी से 4.5 लाख रुपये लूट लिए गए। अपराधियों ने हथियार के बल पर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़ित व्यवसायी और स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पटना के बुद्धा कॉलोनी निवासी प्रभुशंकर, जो एक सिक्योरिटी एजेंसी चलाते हैं, उनके साथ घटना हुई है। उन्होंने बताया कि वे फतुहा स्थित नेशनल प्लास्टिक कंपनी के कर्मचारियों को वेतन देने जा रहे थे। प्रभुशंकर पटना से 4.5 लाख रुपये एक बैग में रखकर बाइक से फतुहा आ रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे जब वे फैक्ट्री एरिया में श्री प्लाई कंपनी के पास पहुंचे, तो दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाश ने पिस्तौल कनपटी पर सटा दी प्रभुशंकर के मुताबिक, एक बदमाश ने पिस्तौल उनकी कनपटी पर सटा दी। बाकी बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया। जब उन्होंने विरोध किया, तो बदमाशों ने पिस्तौल के बट से उन पर हमला कर दिया। इससे उनका हेलमेट टूट गया और उनके चेहरे पर चोटें आईं। इसके बाद बदमाश हथियार लहराते हुए वहां से भाग गए। प्रभुशंकर ने बताया, किसी भी बदमाश ने अपना चेहरा नहीं ढंका था। सभी स्थानीय बोली बोल रहे थे, जिससे वे स्थानीय अपराधी लग रहे थे। घटना के तुरंत बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही पीड़ित ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। इधर, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अग्रेतर करवाई जारी है।
Source link
फतुहा में गन पॉइंट पर व्यवसायी से 4.5 लाख लूटे:बैग छीनकर धक्का दिया, हवा में पिस्टल लहराते हुए फरार; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
