Headlines

बिहार कांग्रेस के 29 नेताओं को कारण बताओ नोटिस:पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप, 72 घंटे के अंदर मांगा गया जवाब




बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी की अनुशासन समिति ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में 29 नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई 8 सितंबर को नई दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय के समीप प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के मामले में की गई है। बिहार प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित नेताओं का धरना-प्रदर्शन में शामिल होना पार्टी की नीति, अनुशासन और निर्देशों का उल्लंघन है। समिति ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सभी नेताओं से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। 72 घंटे में देना होगा जवाब नोटिस में संबंधित नेताओं को इसे प्राप्त होने के 72 घंटे के भीतर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी की अनुशासन समिति के समक्ष अपना लिखित जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है। नेताओं से पूछा गया है कि उनके खिलाफ पार्टी के नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की जाए। समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं मिलने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में संबंधित नेताओं के खिलाफ पार्टी नियमों के अनुसार एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। पूर्व विधायक समेत कई प्रमुख नेताओं के नाम कारण बताओ नोटिस पाने वाले 29 नेताओं में पूर्व विधायक अनिल सिंह और पूनम देवी के अलावा सिवान के पूर्व जिलाध्यक्ष विधूशेखर पांडेय, पश्चिमी चंपारण के पूर्व जिलाध्यक्ष भारत भूषण दूबे, मधेपुरा के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र यादव और औरंगाबाद के पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह समेत अन्य नेता शामिल हैं। 8 सितंबर को इन नेताओं और पार्टी के कुछ अन्य कार्यकर्ताओं ने नई दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया था। अब इसी प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी को आधार बनाकर अनुशासन समिति ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *