![]()
खगड़िया के पसराहा थाना क्षेत्र के बन्देहरा चौक स्थित हरिवंश नारायण उच्च विद्यालय के गेट के पास बुधवार शाम बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गंभीर हालत में गोगरी अनुमंडल अस्पताल ले जाए गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बन्देहरा गांव के वार्ड नंबर-6 निवासी राजा कुमार उर्फ प्रेम कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुटी है। चाय दुकान के पास हुई वारदात ग्रामीण सोनू कुमार के अनुसार, घटना शाम करीब सात बजे की है। वह स्कूल के गेट के पास रंजीत की चाय दुकान पर चाय पीने गया था। इसी दौरान दुकानदार ने आवाज देकर बताया कि किसी युवक को गोली मार दी गई है। सोनू मौके पर पहुंचा तो राजा कुमार घायल अवस्था में स्कूल गेट के पास पड़ा था। ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया घायल राजा कुमार को ग्रामीणों की मदद से तत्काल गोगरी अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पसराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोन पर बात करते हुए जा रहा था युवक ग्रामीणों के मुताबिक, राजा कुमार घटना से कुछ देर पहले पैदल जा रहा था और फोन पर किसी से बात कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि वह पढ़ाई करता था और गांव में उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। प्रेम-प्रसंग की बात से भी ग्रामीणों ने इनकार किया है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस पसराहा थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने बताया कि युवक को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
Source link
खगड़िया में स्कूल गेट के पास युवक को गोली मारी:इलाज के दौरान हुई मौत, ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे; पुलिस जांच में जुटी
