Headlines

दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एंटी रैबीज वैक्सीन खत्म:22 मरीजों को बाहर से खरीदकर लाने को कहा, मरीज बोले- 2000 की पड़ रही एक डोज




दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में एंटी रेबीज वैक्सीन खत्म हो गया है। अब कुत्ते और गीदड़ के काटने के बाद इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण कई मरीजों को बिना डोज लिए ही वापस लौटना पड़ा। वहीं, कुछ मरीजों को बाहर से वैक्सीन खरीदकर लाने की सलाह दी गई। इससे मरीजों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। डीएमसीएच में एक एंटी रेबीज वैक्सीन मुफ्त में जबकि करीब 2 हजार का मिलता है। केवटी प्रखंड के माधोपट्टी गांव से पहुंचे 45 वर्षीय मो शकील अहमद ने बताया कि करीब एक महीने पहले उन्हें गीदड़ ने काट लिया था। इसके बाद उन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन की दो डोज दी जा चुकी है। मंगलवार को तीसरी डोज लेने के लिए करीब एक बजे डीएमसीएच पहुंचे थे। एंटी रेबीज विभाग में मौजूद कर्मियों ने वैक्सीन समाप्त होने की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें बिना डोज लिए ही वापस लौटना पड़ा। इसी तरह सदर प्रखंड के सोनकी परी गांव से पहुंचे अरविंद कुमार ने बताया कि वह एंटी रेबीज वैक्सीन की तीसरी डोज लेने डीएमसीएच आए थे। अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। मंगलवार को डोज लेने पहुंची छात्रा, कमी बताकर लौटाया मधुबनी के भेजा थाना क्षेत्र के खड़िक गांव की सोनम सिंह भी मंगलवार को एंटी रेबीज की डोज लेने डीएमसीएच पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली मोड़ में रहकर पढ़ाई करती हैं। कोचिंग से घर लौटने के दौरान रास्ते में कुत्ते ने उन्हें काट लिया था। मंगलवार को निर्धारित डोज लेने के लिए डीएमसीएच पहुंचीं, लेकिन वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि डीएमसीएच में एंटी रेबीज सीरम करीब 10 से 11 दिनों से उपलब्ध नहीं है। इसके कारण रोजाना वैक्सीन लेने पहुंचने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को करीब आठ मरीजों को उपलब्ध वैक्सीन की डोज दी गई, जबकि करीब 22 मरीजों को बाहर से वैक्सीन खरीदकर लाने के लिए कहा गया। मरीजों का कहना है कि एंटी रेबीज वैक्सीन का पूरा कोर्स समय पर लेना जरूरी होता है। ऐसे में अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने से निर्धारित समय पर डोज लेने में परेशानी हो रही है। बाहर से वैक्सीन खरीदने पर अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है। मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से जल्द से जल्द एंटी रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है। डीएमसीएच सुपरिटेंडेंट बोले- आज ही एंटी रेबीज टीका उपलब्ध होने की पूरी संभावना है डीएमसीएच अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि अस्पताल में दवाओं की आपूर्ति बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के माध्यम से होती है। उन्होंने बताया कि एंटी रेबीज टीके के लिए 16 हजार डोज का ऑर्डर लगाया गया था। कई दिनों से लगातार रिमाइंडर किया जा रहा है। आज बुधवार को संबंधित स्तर से टीका उपलब्ध कराने की बात कही गई है। ऐसे में आज ही एंटी रेबीज टीका उपलब्ध होने की पूरी संभावना है। टीका अस्पताल में पहुंचते ही मरीजों को दोबारा उपलब्ध कराया जाने लगेगा। अधीक्षक ने कहा कि डीएमसीएच बड़ा अस्पताल है, जहां दरभंगा के अलावा आसपास के कई जिलों से भी मरीज एंटी रेबीज टीका लेने पहुंचते हैं। इस कारण यहां टीके की खपत काफी अधिक है। खपत के अनुरूप समय पर आपूर्ति नहीं होने के कारण फिलहाल यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि यह सरकारी आपूर्ति वाली दवा है, इसलिए अस्पताल प्रशासन बाहर से खरीदकर मरीजों को एंटी रेबीज टीका उपलब्ध नहीं करा सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मरीजों के हित में अस्पताल प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है और टीके की आपूर्ति होते ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *