Headlines

नालंदा के बजरंगी का इंडिया अंडर-18 रग्बी टीम में सिलेक्शन:मां सड़क किनारे बेचती है चाय, चीन में एशियन चैंपियनशिप में भारतीय टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व




नालंदा के होनहार रग्बी खिलाड़ी बजरंगी कुमार ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर भारतीय अंडर-18 रग्बी टीम में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है। चीन में 5 और 6 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली ‘एशियन अंडर-18 रग्बी चैंपियनशिप’ में बजरंगी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए बिहार से कुल चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिससे पूरे राज्य के खेल जगत में खुशी की लहर है। राष्ट्रीय टीम में शामिल बिहार के चार खिलाड़ियों में बजरंगी कुमार (नालंदा), पवन कुमार (नवादा), शुभम कुमार (मुजफ्फरपुर) और रोहित कुमार (पटना) शामिल हैं। राज्य से एक साथ चार खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चुना जाना बिहार रग्बी के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। कठिन संघर्ष और अटूट जज्बे की कहानी बजरंगी की यह सफलता बेहद संघर्षपूर्ण परिस्थितियों की उपज है। पिता के असामयिक निधन के बाद उनकी माता सोना देवी ने नालंदा मोड़ पर चाय की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण किया। आर्थिक तंगी और सीमित संसाधनों के बावजूद बजरंगी का हौसला नहीं डिगा। नालंदा और बिहार रग्बी एसोसिएशन के उचित मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण शिविरों ने उनकी प्रतिभा को निखारा, जिसके दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर तय किया। रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के महासचिव रेंशी राकेश राज और बिहार रग्बी संघ के सचिव डॉ. पंकज ज्योति ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए कहा कि बजरंगी की यह कामयाबी राज्य के हजारों युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है। खेल जगत और जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं बजरंगी और अन्य चयनित खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मयूख, बिहार खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण सहित कई खेल प्रशासकों, प्रशिक्षकों और गणमान्य लोगों ने बधाई दी। सभी ने विश्वास जताया कि बिहार के ये होनहार खिलाड़ी चीन की धरती पर शानदार प्रदर्शन कर देश का परचम लहराएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *