![]()
बेगूसराय सदर प्रखंड की जीनेदपुर पंचायत में सोमवार सुबह अखंड शिव नाम और नवनिर्मित शिव मंदिर निर्माण के उपलक्ष्य में कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 501 कुमारी कन्याएं शामिल हुईं। शोभायात्रा से पहले, सिमरिया गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लाया गया। पंडित रणजीत मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 501 कलशों को भरकर पूजन संपन्न कराया। गाजे-बाजे, शंखनाद और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच पारंपरिक वेशभूषा में सजी कन्याओं ने सिर पर कलश लेकर यात्रा शुरू की। यह यात्रा शैलेश स्थान से जीनेदपुर मुख्य पथ होते हुए पूरे पंचायत का भ्रमण कर वापस शैलेश स्थान पहुंची। इसमें हजारों श्रद्धालु, महिलाएं, युवा और बच्चे शामिल हुए। कलश यात्रा का नेतृत्व भोला चौधरी ने किया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नए शिव मंदिर के निर्माण और 24 घंटे के अखंड शिव नाम संकीर्तन की शुरुआत करना है।इसका उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था, एकता और सनातन संस्कृति के प्रति लोगों का जुड़ाव बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया है। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिव शिष्य परिवार, भक्ति प्रमोद पासवान, ग्रामीण सरपंच अरुण सिंह और अन्य ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
Source link
जीनेदपुर में 501 कन्याओं ने निकाली कलश यात्रा:शिव मंदिर निर्माण और अखंड शिव नाम के लिए आयोजन
