Headlines

अररिया में 170 सोलर लाइटें लगेंगी:DM ने एजेंसी को एक सप्ताह में काम पूरा करने का निर्देश दिया




मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को अररिया में एक बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सोलर स्ट्रीट लाइट के अधिष्ठापन, रख-रखाव और सीएमएस इंटीग्रेशन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि अररिया जिले में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत कुल 30,980 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग द्वारा चयनित एजेंसी को वार्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर 10-10 सोलर लाइटें लगानी हैं। अब तक 30,810 लाइटों का अधिष्ठापन पूरा हो चुका है। समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले में अब केवल 170 सोलर स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठापन शेष है। प्रगति की समीक्षा के बाद, जिला पदाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया कि शेष सभी सोलर स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठापन एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। जिलाधिकारी ने योजना के तहत सीएमएस इंटीग्रेशन का कार्य भी शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ लगाई गई सोलर स्ट्रीट लाइट के नियमित रख-रखाव पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक माह की 05 तारीख तक मेंटेनेंस संबंधी लॉग बुक की छायाप्रति अनिवार्य रूप से जिला पंचायत राज कार्यालय में जमा करें। इससे सोलर स्ट्रीट लाइट के रख-रखाव और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी की जा सकेगी। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अररिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *