Headlines

किशनगंज में अंतरराज्यीय गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार:खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर घरों में करते थे चोरी, 4 कांडों का खुलासा




घर में रखा खाना खाकर परिवार के लोग बेहोश हो जाते थे और रात होते ही चोर ताला तोड़कर घर की संपत्ति समेट ले जाते थे। किशनगंज के पोठिया थाना क्षेत्र में गृहभेदन की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक की ओर से गठित विशेष टीम ने बिहार और पश्चिम बंगाल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से पोठिया थाना क्षेत्र के चार चोरी कांडों का खुलासा हुआ है। आरोपियों की निशानदेही पर पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के दासपाड़ा स्थित एक ज्वेलरी दुकान से चोरी के करीब 400 ग्राम चांदी के जेवरात भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर निवासी 50 वर्षीय फोजील उर्फ फोचो और 28 वर्षीय राजेश राय शामिल हैं। वहीं, तीसरी आरोपी 19 वर्षीय निलोफर पोठिया थाना क्षेत्र के पनासी की रहने वाली है। महिला साथी खाने में मिलाती थी नशीला पदार्थ पुलिस की जांच में गिरोह के चोरी करने का तरीका सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य पहले घरों की रेकी करते थे। इसके बाद दिन के समय महिला साथी को टारगेट किए गए घर में भेजा जाता था। वह घर की रसोई में रखे खाने में नशीला पदार्थ मिला देती थी। परिवार के सदस्यों के बेहोश होने के बाद गिरोह के अन्य सदस्य रात में घर पहुंचते थे और ताला तोड़कर नकदी, जेवरात सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। अनवरी बेगम के घर चोरी के बाद शुरू हुई जांच पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात अनवरी बेगम के बंद घर में चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में पोठिया थाना कांड संख्या 381/26 दर्ज किया गया था। इसी कांड को आधार बनाकर एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बंगाल की ज्वेलरी दुकान से 400 ग्राम चांदी बरामद गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से उत्तर दिनाजपुर के दासपाड़ा स्थित एक ज्वेलरी दुकान पर छापेमारी की। यहां से चोरी के करीब 400 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए। पुलिस अब बरामद जेवरात के संबंध में भी आगे की जांच कर रही है। चार कांडों का खुलासा, अन्य आरोपियों की तलाश इस कार्रवाई के साथ पोठिया थाना के चार मामलों- कांड संख्या 353/26, 381/26, 394/26 और 395/26 का उद्भेदन हुआ है। पुलिस के अनुसार, गिरोह में किशनगंज और पश्चिम बंगाल के कई अन्य अपराधी भी शामिल हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए बिहार और बंगाल सहित अन्य राज्यों में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *