![]()
मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी रोड में सोमवार देर रात बदमाशों ने एसबीआई के एटीएम को लूटने का प्रयास किया। रात करीब 2 बजे बदमाश एटीएम मशीन तोड़कर कैश निकालने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान इसकी सूचना सदर थाने की पुलिस को मिल गई। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही बदमाश एटीएम छोड़कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस की तत्परता से एटीएम लूट की साजिश नाकाम हो गई। मशीन में मौजूद पूरा कैश सुरक्षित मिला है। घटना से जुड़ी तीन तस्वीरें देखिए एटीएम के अंदर सीसीटीवी कैमरे पर ब्लैक कलर स्प्रे किया बदमाशों ने एटीएम के अंदर पहुंचने के बाद पहले सीसीटीवी कैमरे पर ब्लैक कलर स्प्रे किया। इसके बाद कैश निकालने की कोशिश की। जब कैश नहीं निकला तो अंदर तोड़फोड़ की और मशीन को अंदर से उखाड़कर बाहर तक पहुंचा दिया। बताया जा रहा है कि एटीएम मशीन में तोड़फोड़ के दौरान पुलिस को अलार्म के जरिए इसकी सूचना मिली। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की ओर से आरोपियों की ओर एक राउंड फायरिंग भी की गई, जिसके बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागने से ठीक पहले आरोपियों ने एटीएम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ भी दिया। सदर थाना से डेढ़ किलोमीटर दूरी पर हुई घटना घटनास्थल सदर थाने से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है। मंगलवार सुबह सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ टाउन-2 दीपक कुमार, सदर थानेदार, एफएसएल और डीआईयू की टीम मौके पर पहुंची। कैश कंपनी के कर्मियों को बुलाकर एटीएम मशीन खुलवाई गई और उसमें रखे कैश को बाहर निकाला गया। शुरुआती जांच में पूरा कैश सुरक्षित पाया गया। हालांकि, एटीएम से निकाली गई रकम की गिनती और उसका अंतिम मिलान बैंक में किया जाएगा। इसके लिए कैश को बैंक ले जाया गया है। मिलान के बाद ही मशीन में मौजूद कुल राशि की पुष्टि हो सकेगी। अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस एसडीपीओ टाउन-2 दीपक कुमार ने बताया कि देर रात गोबरसही-डुमरी रोड में एटीएम लूट की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जिसके बाद बदमाशों की लूट की साजिश नाकाम हो गई। कैश का मिलान कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपियों का पीछा किया गया, लेकिन अपराधी फरार हो गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पीछा करने के दौरान पुलिस की ओर से एक राउंड फायरिंग भी की गई। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
मुजफ्फरपुर में SBI के एटीएम में लूट की कोशिश:सीसीटीवी पर ब्लैक कलर स्प्रे किया, मशीन तोड़कर बाहर निकाला; पुलिस की फायरिंग के बाद भागे बदमाश
