![]()
मधुबनी पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता इंजीनियर रितेश चन्द्र सिन्हा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने पांच लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। रविवार को पटना के आशियाना स्थित रामनगरी के शिव-पार्वती गृह अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर सी-303 में छापेमारी कर उन्हें पकड़ा गया। गिरफ्तारी के दौरान अभियंता ने रिश्वत की रकम खिड़की से नीचे मैदान में फेंक दी। निगरानी टीम ने तत्काल रकम बरामद कर ली। 6.50 करोड़ के बकाया भुगतान के लिए मांगी थी 3% रिश्वत निगरानी ब्यूरो के अनुसार, रोहतास जिला के डेहरी निवासी अरुण कुमार सिंह ने अभियंता के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। अरुण मधुबनी पथ प्रमंडल के तहत दो सड़क निर्माण योजनाओं का काम करा रहे थे। इनमें मधुबनी-राजनगर-बाबूबरही-खुटौना पथ पर 5.78 करोड़ रुपए की लागत से 1.2 किलोमीटर सड़क और स्टेडियम चौक-महाराजगंज चौक-सूड़ी हाईस्कूल मार्ग पर 13.48 करोड़ रुपए की लागत से 2.4 किलोमीटर सड़क निर्माण शामिल है। आरोप है कि दोनों योजनाओं के करीब 6.50 करोड़ रुपए के बकाया भुगतान के बदले अभियंता ने 3 प्रतिशत कमीशन के हिसाब से 19.50 लाख रुपए की मांग की थी। इसमें अग्रिम के तौर पर पांच लाख रुपए देने का दबाव बनाया जा रहा था। फ्लैट से नकदी, आभूषण और निवेश के दस्तावेज मिले शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। कार्रवाई के दौरान अभियंता के फ्लैट से 6 लाख 11 हजार 900 रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषण, सात बैंक खातों की जानकारी, शेयर और एलआईसी निवेश से जुड़े कागजात, जमीन और फ्लैट के दस्तावेज तथा लॉकर की चाबी बरामद की गई। आभूषणों का मूल्यांकन कराया जा रहा है। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, गिरफ्तार अभियंता को विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा। कार्यालय बंद, विभागीय कर्मियों में रही बेचैनी इधर, सोमवार को मधुबनी स्थित पथ निर्माण विभाग का कार्यालय बंद रहा। अभियंता की गिरफ्तारी को लेकर विभागीय कार्यालय में दिनभर चर्चा होती रही। वहां मौजूद अधिकारियों ने मामले पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मियों के बीच बेचैनी और भय का माहौल रहा।
Source link
कार्यपालक अभियंता पांच लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार:मधुबनी पथ प्रमंडल के इंजीनियर रितेश चन्द्र सिन्हा को निगरानी ने पटना से पकड़ा; घर से 6.11 लाख रुपए नकद और दस्तावेज मिले
