Headlines

नालंदा- सीपीआर देते रहे डॉक्टर, नाश्ता करते रहे एंबुलेंसकर्मी:समय पर रेफर नहीं होने से मरीज की मौत, गोतिया से विवाद में आया था हार्ट अटैक




बिहारशरीफ सदर अस्पताल में गुरुवार सुबह डॉक्टर मरीज को सीपीआर देकर उसकी जान बचाने की कोशिश करते रहे। इस बीच जब परिजन ने मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए जब एंबुलेंसकर्मियों को कॉल किया और इमरजेंसी की बात कही। इसके बावजूद एंंबुलेंसकर्मियों ने नाश्ता करने की बात कहकर करीब 20 मिनट की देरी से आए। एंबुलेंस मिलने में हुई देरी के कारण मरीज की हालत फिर बिगड़ गई और पावापुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। सीपीआर देने की दो तस्वीरें देखिए हार्ट अटैक आने के बाद मरीज को सदर अस्पताल में कराया था एडमिट नूरसराय थाना क्षेत्र के बृजपुर गांव निवासी केदार पासवान को परिजनों ने बुधवार की रात इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। गुरुवार की सुबह अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई और वे फर्श पर गिरकर अचेत हो गए। मरीज की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉ. महेंद्र कुमार और डॉ. कुमुद कुमार ने नर्सिंग स्टाफ के साथ मोर्चा संभाला। डॉक्टरों ने काफी देर तक लगातार सीपीआर दिया, जिसके बाद मरीज की स्थिति में आंशिक सुधार हुआ। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए पावापुरी स्थित विम्स रेफर करने का निर्णय लिया। अस्पताल प्रबंधन के स्पष्ट निर्देश हैं कि आपातकालीन स्थिति के लिए एंबुलेंस कर्मियों को हमेशा इमरजेंसी गेट के पास तैनात रहना है, लेकिन मौके पर कोई कर्मी मौजूद नहीं था। फोन पर बोले कर्मी- अभी नाश्ता कर रहे हैं आनन-फानन में जब अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों ने एंबुलेंस कर्मियों को फोन मिलाया, तो उन्होंने ड्यूटी पर आने के बजाय खाना खाने में व्यस्त होने की बात कही। इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने फोन पर ही कर्मियों को जमकर फटकार लगाई। काफी खोजबीन के बाद जब तक एंबुलेंस की व्यवस्था हुई, तब तक काफी देर हो चुकी थी। मरीज की हालत दोबारा नाजुक हो गई और 20 मिनट बाद एम्बुलेंस उपलब्ध हो सका इसके बाद पावापुरी ले जाने के दौरान रास्ते में ही केदार पासवान की मौत हो गई। खलिहान और गोतिया विवाद में हुई थी मारपीट, दहशत में आया हार्ट अटैक घटना की पृष्ठभूमि पारिवारिक विवाद से जुड़ी है। मृतक की पत्नी श्यामा देवी ने बताया कि खलिहान को लेकर तीन दिन पहले से गोतिया के बीच विवाद चल रहा था। बुधवार को जब वे खलिहान देखने गईं, तो देवर लक्ष्मण पासवान और परिजनों से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इधर, नूरसराय थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि गोतिया के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें लक्ष्मण पासवान की पत्नी भी घायल होकर भर्ती हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक केदार पासवान के शरीर पर प्रत्यक्ष रूप से कोई गंभीर चोट नहीं दिख रही थी; विवाद और घटना के बाद उपजी भारी दहशत और घबराहट की वजह से उन्हें गंभीर दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल लाया गया था। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई है आवेदन मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उपाधीक्षक बोले- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने घटना पर संज्ञान लेते हुए कहा कि एंबुलेंस कर्मियों की अनुपस्थिति और लापरवाही का मामला बेहद गंभीर है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *