Headlines

आरा में टीचर से सोने की चेन छीनने की कोशिश:बाइक सवार बदमाश पहले से कर रहे थे रेकी, पिस्टल में गोली फंसने से बची जान




आरा शहर के चंदवा मोहल्ले में गुरुवार की सुबह एक टीचर से सोने की चेन छीनने की कोशिश हुई है। बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने इस दौरान फायरिंग करने की कोशिश की। हालांकि, पिस्टल में गोली फंस जाने के कारण बाल-बाल जान बच गई। वारदात को अंजाम देने में असफल होने के बाद दोनों बदमाश बड़का गांव की ओर फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना नवादा थाना क्षेत्र की है। विरोध करने पर फायरिंग की कोशिश फुटेज में पल्सर-220 बाइक पर सवार दो बदमाश पहले रेकी करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद बाइक धीमी कर पीछे बैठे बदमाश ने शिक्षक के गले से सोने की चेन छीनने के लिए झपट्टा मारा। उन्होंने विरोध करते हुए बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, तो पीछे बैठे बदमाश ने कमर से पिस्टल निकालकर उन पर गोली चलाने का प्रयास किया। गनीमत रही कि गोली नहीं चली। पीड़ित शिक्षक की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के डीएस कोठी, वार्ड संख्या-14 निवासी श्रीराम पांडेय के 38 वर्षीय पुत्र सुनील पांडेय के रूप में हुई है। वह शाहपुर प्रखंड के धौरी गांव के रक्सौल टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत हैं। ‘दूध लेकर वापस लौट रहा था’ पीड़ित सुनील पांडेय ने बताया कि गुरुवार की सुबह वह अपनी बेटी को स्कूल बस पकड़वाने घर से निकला था। बेटी को बस पकड़वाकर दूध लेने के लिए चंदवा मोड़ गए थे। दूध लेकर लौटने के दौरान गली के बाहर स्थित एक होटल की ओर से पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाश आए। उन्होंने बाइक की रफ्तार धीमी की और उनके गले में पहनी सोने की चेन छीनने की कोशिश की। विरोध करने और पकड़ने का प्रयास करने पर एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर फायरिंग की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चल सकी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची घटना के तुरंत बाद डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद नवादा थाना पुलिस को भी जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर नवादा थाना में पदस्थापित अश्विनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *