Headlines

मधुबनी में 675 लीटर नेपाली, देसी शराब बरामद:पुलिस ने दो कार जब्त की, उत्पाद विभाग ने कार्रवाई की




मधुबनी जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने रविवार और सोमवार को विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान दो अलग-अलग वाहनों से कुल 675 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की गई। मौके से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। शराब की खेप स्कॉर्पियो और एक अन्य लग्जरी कार में लादकर ले जाई जा रही थी। मधुबनी के उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने सोमवार की संध्या सात बजे इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की गठित विशेष टीम ने जिले भर में छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली। पहली कार्रवाई में स्कॉर्पियो से 60 कार्टून नेपाली देसी शराब बरामद की गई। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। वहीं, दूसरी कार्रवाई में एक अन्य लग्जरी कार से 15 कार्टून नेपाली देसी शराब जब्त की गई। इस दौरान भी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि दोनों वाहनों से बरामद शराब की कुल मात्रा 675 लीटर है। नवरात्र के दौरान अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से विभाग की विशेष टीम लगातार सक्रिय रही। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के माध्यम से शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है। उत्पाद विभाग ने दोनों गिरफ्तार तस्करों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग की ओर से जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान जारी रखने की बात कही गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *