Headlines

मुंगेर में रास्ता विवाद और बल्ब चोरी पर फायरिंग:2 पक्षों में पत्थरबाजी और मारपीट, 6 से ज्यादा घायल




मुंगेर में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में रास्ता विवाद और दुर्गा पूजा मेला के पंडाल से बल्ब चोरी के आरोप को लेकर बुधवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान एक पक्ष की ओर से दो राउंड गोलीबारी किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, गोलीबारी की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घरों और छतों पर पत्थर फेंके गए वहीं, मारपीट और पत्थरबाजी में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें कुछ घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया, जबकि कुछ लोग निजी चिकित्सकों से उपचार कराने के बाद घर लौट गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। घटनास्थल पर अब भी ईंट और पत्थर के टुकड़े बिखरे पड़े हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी करने और मारपीट शुरू करने का आरोप लगाया है। एक पक्ष ने दुर्गा मंदिर में पत्थर फेंकने का आरोप लगाया, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि उनके घरों और छतों पर पत्थर फेंके गए। बल्ब चोरी के आरोप के बाद बढ़ा विवाद दरियापुर गांव में जिस स्थान पर विवाद हुआ, वहां दुर्गा मंदिर स्थित है। दुर्गा पूजा मेला के आयोजन के लिए मंदिर परिसर में पंडाल बनाया गया था, जिसमें रोशनी के लिए बल्ब लगाए गए थे। एक पक्ष के लोगों का आरोप है कि पंडाल में लगे बल्ब चोरी कर लिए गए थे। इसको लेकर जब दूसरे पक्ष के लोगों से विरोध जताया गया तो विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि गांव में पहले से ही रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में जातिगत आधार पर उनके साथ मारपीट किए जाने की शिकायत पहले भी थाना में दी गई थी। उनका कहना है कि दुर्गा पूजा मेला के दौरान कमेटी से जुड़े कुछ लोगों ने उनके समाज के लोगों पर पंडाल से बल्ब खोलकर ले जाने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से दो राउंड गोली चलाए जाने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों के लोग हुए घायल मारपीट और पत्थरबाजी की घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष से बसंत कुमार पासवान, उज्ज्वल कुमार पासवान, रीता देवी, गगन कुमार, काजल कुमारी और भारती कुमारी के घायल होने की जानकारी मिली है। वहीं, दूसरे पक्ष से विपुल कुमार सिंह, मुकुल कुमार सिंह और मोनू कुमार सिंह घायल बताए गए हैं। घायलों में कुछ का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया, जबकि कुछ निजी चिकित्सक से उपचार कराने के बाद वापस घर चले गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की कार्रवाई शुरू होने के बाद दोनों पक्षों के कई आरोपी अपने-अपने घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। इस मामले में एक पक्ष की ओर से थाना में आवेदन दिया गया है, जबकि गुरुवार की शाम तक दूसरे पक्ष की ओर से आवेदन नहीं दिया गया था। पुलिस आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी मुफस्सिल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मो. असलम अंसारी ने बताया कि दरियापुर गांव में रास्ता विवाद और बल्ब चोरी के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान पत्थरबाजी और कुछ लोगों की ओर से गोलीबारी किए जाने की बात भी सामने आई है। गोलीबारी का फुटेज पुलिस को मिला है। पुलिस वीडियो के आधार पर गोली चलाने और पत्थरबाजी करने वाले लोगों की पहचान कर रही है। एक पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *