मुंबई16 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक HDFC बैंक के 2 सीनियर अफसरों पर बिजनेस सीक्रेट्स (गोपनीय जानकारी) लीक करने का आरोप लगा है। बैंक ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों अफसर बड़े डिपार्टमेंट्स संभाल रहे हैं।
फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि लीक हुई जानकारी का कोई गलत इस्तेमाल हुआ है या नहीं, जिसके बाद उन पर कार्रवाई तय होगी। बता दें कि 27 अक्टूबर को अनूप बागची बैंक की कमान संभालेंगे।
बैंक का पक्ष: जांच पूरी होने पर कार्रवाई करेंगे
HDFC बैंक के प्रवक्ता ने कहा है कि मामले की जांच चल रही है। हालांकि, बैंक ने अफसरों के नाम या जांच में क्या निकला, इस पर कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया। बैंक का कहना है कि जांच पूरी होते ही रिपोर्ट के आधार पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी और वे ईमानदारी से काम करने के नियमों से कोई समझौता नहीं करेंगे।
27 अक्टूबर को नए CEO अनुप बागची कमान संभालेंगे
यह मामला ऐसे वक्त सामने आया है जब 27 अक्टूबर को अनुप बागची HDFC बैंक के नए CEO बनने जा रहे हैं। ICICI बैंक में लंबा अनुभव रखने वाले अनुप बागची HDFC बैंक की कमान संभालने वाले पहले बाहरी अधिकारी होंगे। बैंक में सीनियर अफसरों पर लगे आरोपों और चल रही उथल-पुथल के कारण उनके शुरुआती दिन चुनौतियों भरे हो सकते हैं।
बड़े अधिकारियों के इस्तीफे और विवादों से बढ़ी हलचल
पिछले कुछ महीनों से बैंक के अंदर की खींचतान खुलकर सामने आ रही है:
- चेयरमैन का इस्तीफा: इस साल मार्च में बैंक के चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने अचानक यह कहते हुए इस्तीफा दे दिया कि बैंक के तौर-तरीके उनके उसूलों से मेल नहीं खा रहे। हालांकि, बैंक की जांच में उनके आरोपों में कोई सच्चाई नहीं पाई गई।
- CEO का हटने का फैसला: मौजूदा CEO शशिधर जगदीशन ने 6 साल काम करने के बाद आगे पद पर न रहने का अचानक फैसला लिया, जिसके बाद नए CEO की तलाश हुई।
- उप-प्रमुख भी छोड़ रहे साथ: बैंक के काफी पुराने और वरिष्ठ अधिकारी डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैजाद भरूचा ने भी दिसंबर में पद छोड़ने का फैसला किया है।
28% गिरा शेयर, 10.86 लाख करोड़ की कंपनी
1994 में शुरू हुए HDFC बैंक की कुल वैल्यू करीब 10.86 लाख करोड़ रुपए है। हालांकि, अंदरूनी विवादों और सीनियर अफसरों के इस्तीफों के चलते इस साल इसके शेयर की कीमत में करीब 28% की बड़ी गिरावट आ चुकी है।

