Headlines

बेगूसराय- दुर्गा पूजा में रहेगी विशेष ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था:ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर शिकंजा कसेगी पुलिस, एसपी मनीष ने सतर्कता की अपील की




दुर्गा पूजा लेकर बेगूसराय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। त्यौहारों के दौरान सड़कों पर सुगम यातायात बनाए रखने और आपराधिक घटनाओं पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की है। एसपी मनीष ने यातायात नियमों के पालन और सुरक्षा को लेकर कड़ी चेतावनी जारी की है। ​एसपी मनीष ने कहा है कि दुर्गा पूजा और दशहरा के अवसर पर बाजारों और सड़कों पर लोगों की चहल-पहल के साथ वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। पूजा पंडालों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील रास्तों पर अचानक भीड़ जमा हो जाती है। ऐसे माहौल में आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ जिले के सभी थानों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस बल लगातार सड़कों पर तैनात रहकर स्थिति पर पैनी नजर रखेगा। एसपी ने सड़कों पर लगातार बढ़ रही ट्रिपल राइडिंग की समस्या पर चिंता जताई है। ‘दो से अधिक लोगों का बाइक पर बैठना यातायात नियमों का उल्लंघन’ उन्होंने स्पष्ट किया है कि दोपहिया वाहनों पर दो से अधिक लोगों का बैठना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी बेहद खतरनाक है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) की विभिन्न धाराओं के तहत ट्रिपल राइडिंग एक दंडनीय अपराध है। जांच और गश्त के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि शहर में होने वाली झपटमारी, छिनतई और लूटपाट जैसी आपराधिक घटनाओं में कई बार ट्रिपल राइडिंग करने वाले असामाजिक तत्वों की संलिप्तता पाई जाती है। अपराधी अक्सर दोपहिया वाहनों पर तीन की संख्या में सवार होकर घटनाओं को अंजाम देते हैं। इसके साथ ही तेजी से फरार होने की कोशिश करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अब ऐसे चालकों पर पैनी नजर रखेगी। यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ एक व्यापक और निरंतर विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। ट्रैफिक पुलिस और सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम अपने-अपने इलाकों में प्रमुख चौराहों और रणनीतिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाएगी। ‘ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान काटा जाएगा, कानूनी कार्रवाई होगी’ इस दौरान नियम तोड़ने वालों के खिलाफ न केवल भारी चालान काटा जाएगा, बल्कि विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। सभी लोगों, अभिभावकों और युवाओं से इसमें सहयोग जरूरी है। अभिभावक अपने टीनएजर (किशोर) बच्चों को वाहन चलाते समय सतर्क रखें और उन्हें ट्रिपल राइडिंग करने से रोकें। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की यह जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। जिससे वे किसी कानूनी अड़चन या दुर्घटना का शिकार न हों। एसपी ने बेगूसराय जिले के सभी निवासियों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाने का संदेश देते हुए सभी को दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी की बधाई भी दी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *