![]()
दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मधुबनी उत्पाद विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। उत्पाद विभाग की टीम ने रहिका थाना क्षेत्र में नकली विदेशी शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए तीन कथित शराब माफियाओं को गिरफ्तार किया है। वहीं, पंडौल थाना क्षेत्र के सरिसबपाही से भी 213 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। मधुबनी उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने शनिवार को संध्या चार बजे बताया कि दुर्गा पूजा एवं नवरात्र के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सात विशेष टीमों का गठन किया गया है। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीमें पिछले दो दिनों से लगातार छापेमारी कर रही हैं। इसी क्रम में रहिका थाना क्षेत्र में नकली विदेशी शराब बनाने के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया गया। कार्रवाई के दौरान अनिल कुमार साह, हरेराम साह एवं दिनेश शर्मा को गिरफ्तार किया गया। मौके से 2.5 लीटर नकली शराब, 500 मिलीलीटर रसायन, 13,800 खाली बोतलों के ढक्कन, 13,620 होलोग्राम तथा विभिन्न ब्रांडों के 13,450 स्टीकर बरामद किए गए। बरामद सामग्री से नकली विदेशी शराब तैयार करने और उसे विभिन्न ब्रांडों के नाम पर बाजार में खपाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, दूसरी कार्रवाई में पंडौल थाना क्षेत्र के सरिसबपाही से 213 लीटर नकली विदेशी शराब जब्त की गई। इसके अतिरिक्त 60 रैपर, विभिन्न ब्रांडों के 183 खाली बोतलों के ढक्कन तथा लगभग 1,000 खाली बोतलें बरामद की गईं। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। विभाग इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Source link
मधुबनी में नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़:तीन शराब माफिया गिरफ्तार, 213 लीटर जब्त
