![]()
समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर बाजार में 7 अक्टूबर को पुलिस टीम के सामने एक युवक की कथित पिटाई का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को राजद विधायक एवं बिहार लोक लेखा समिति के अध्यक्ष भाई वीरेंद्र के नेतृत्व में पार्टी की जांच कमेटी मोहिउद्दीन नगर पहुंची। कमेटी के सदस्यों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और पूर्व मुखिया व भाजपा नेता जितेश सिन्हा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। आवेदन के बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई है। भाई वीरेंद्र ने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं होती है तो वे मामले को लेकर डीजीपी से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेकर सार्वजनिक रूप से किसी की पिटाई करने का अधिकार नहीं है। इस दौरान भाई वीरेंद्र ने समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह से फोन पर बातचीत कर मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली और प्राथमिकी दर्ज करने की दिशा में कार्रवाई की मांग की। 7 अक्टूबर को सामने आया था मामला दरअसल, 7 अक्टूबर को मोहिउद्दीन नगर बाजार में एक महिला से छेड़खानी की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक युवक को पकड़ा था। इसी दौरान युवक पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने लगा। बताया गया कि उसने एक पुलिस पदाधिकारी के साथ उठापटक करने लगा। इसी दौरान पूर्व मुखिया एवं भाजपा नेता जितेश सिन्हा ने पुलिस का डंडा लेकर युवक की पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। राजद नेताओं का आरोप है कि पिटाई में युवक के पैर में चोट लगी और उसका पैर टूट गया। पूर्व विधायक ने भी की थी कार्रवाई की मांग वीडियो वायरल होने के बाद मोहिउद्दीन नगर की पूर्व विधायक एज्या यादव ने भी पटोरी डीएसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की थी। राजद नेताओं ने बुधवार को दोहराया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। जांच कमेटी में ये नेता रहे शामिल राजद की जांच कमेटी में मनेर विधायक एवं बिहार लोक लेखा समिति के अध्यक्ष भाई वीरेंद्र, मोरवा विधायक रणविजय साहू, मोहिउद्दीन नगर की पूर्व विधायक एज्या यादव, पारू विधायक शंकर राय, एमएलसी मोहम्मद कारी सोहेब, समस्तीपुर जिला राजद अध्यक्ष रमा भारती और राजेश्वर महतो शामिल रहे। बताया जाता है कि पूर्व मुखिया जितेश सिन्हा भाजपा के मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में मोहिउद्दीन नगर के पार्टी प्रभारी हैं।
Source link
समस्तीपुर- युवक की पिटाई मामले में कार्रवाई की मांग:राजद विधायक बोले- एक्शन नहीं लिया तो डीजीपी से शिकायत करेंगे, एसपी से फोन पर की बातचीत
