बेगूसराय जिले के बखरी में शारदीय नवरात्र पर प्रतिदिन मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना के लिए भव्य अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बड़ी दुर्गा स्थान बखरी में मां ब्रह्मचारिणी की विशेष महाआरती का आयोजन किया गया।
.
इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में आम जनता के साथ-साथ स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ शामिल हुए, जिससे इस आयोजन की दिव्यता और अधिक बढ़ गई।
कैंपस के अंदर और बाहर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था। महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर महा आरती में हिस्सा लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं ने जब एक साथ मिलकर मां के जयकारे लगाए, तो पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

आरती में उमड़ी भीड़।
एलईडी स्क्रीन पर मां के दिव्य स्वरूपों के दर्शन
अधिकारियों की सहभागिता को देखकर स्थानीय जनता में भी काफी सकारात्मक संदेश गया और लोगों ने प्रशासनिक और सामाजिक समन्वय की सराहना की।
आरती के दौरान का दृश्य बेहद अलौकिक और मनमोहक था। मंच के केंद्र में सजाई गई भव्य वेदी और उसके ठीक पीछे विशाल एलईडी स्क्रीन पर मां के दिव्य स्वरूपों के दर्शन हो रहे थे। पुजारियों और आचार्यों की ओर से पारंपरिक रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशाल दीपों और थालों से महाआरती की शुरुआत की गई।

आरती का दृश्य।
आचार्यों ने एक साथ लय में आरती उठाई
वाराणसी से आए आचार्यों ने जब एक साथ लय में आरती उठाई, तो पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। कपूर की महक, अगरबत्तियों की सुगंध और शंख-घंटियों की गूंज ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। इस दौरान सजावट ने इस आयोजन में चार चांद लगा दिए।
इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोग अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ते हैं। बखरी की यह महा आरती अपनी भव्यता, अनुशासन और जनभागीदारी के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

आरती से पहले पूजा करते एसडीओ-डीएसपी।
