Headlines

अररिया- STF टीम पर हमला, 6 जवान घायल:स्मैक तस्करों और उनके समर्थकों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड से किए वार; 10 राउंड से अधिक फायरिंग




अररिया के नरपतगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर स्मैक तस्करों को पकड़ने गई पटना STF की टीम पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि तस्करों और उनके समर्थकों ने लोहे की रॉड और लाठियों से जवानों पर हमला किया, जिसमें 8 जवान घायल हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से 10 राउंड से अधिक फायरिंग होने की भी जानकारी सामने आई है। हमलावरों ने एसटीएफ की बोलेरो और एक टोयोटा ग्लैंजा कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक तस्कर के फरार होने की सूचना है। देखें, मौके से आई तस्वीरें… दो तस्करों को पकड़ने के बाद दूसरी जगह पहुंची थी टीम पुलिस के अनुसार, एसटीएफ को मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़ी सूचना मिली थी। टीम ने नरपतगंज क्षेत्र की खैरा पंचायत में देवीगंज स्टेशन के पास दयानंद साह और अनिल साह को पकड़ा। इसके बाद उनकी निशानदेही पर एसटीएफ खैरा गढ़िया पंचायत स्थित फोरलेन के पास पहुंची थी। मुखिया प्रतिनिधि और समर्थकों पर हमले का आरोप आरोप है कि फोरलेन के पास मुखिया प्रतिनिधि उमर फारूक और उनके सहयोगियों ने स्थानीय तस्करों के साथ मिलकर एसटीएफ टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जवानों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से वार किए। इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग भी हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर स्थिति को नियंत्रित किया गया। तीन आरोपी गिरफ्तार, एक तस्कर फरार पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें देवीगंज वार्ड संख्या 13 निवासी दयानंद साह, खैरा गढ़िया वार्ड संख्या 13 निवासी राजकुमार साह और मधुरा पलार वार्ड संख्या 14 निवासी जुल्फिकार शामिल हैं। शुरुआती जानकारी में अनिल साह को भी पकड़े जाने की बात कही गई थी, हालांकि बाद में एक तस्कर के फरार होने का बात सामने आई। इस संबंध में पुलिस की ओर से स्थिति स्पष्ट किया जाना बाकी है। 6 घायल जवानों का अस्पताल में चल रहा इलाज हमले में घायल जवानों को पहले नरपतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल रेफर किया गया। सभी घायल जवान खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं और उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों का हाल जाना। उन्होंने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। SDPO बोले- वीडियो से अन्य आरोपियों की पहचान एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने बताया कि खैरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि के नेतृत्व में तस्करों ने संगठित होकर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया। जवानों ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। SP बोले- कटिहार से मिली सूचना पर पहुंची थी एसटीएफ अररिया एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि कटिहार में गिरफ्तार एक स्मैक तस्कर की निशानदेही पर एसटीएफ की टीम छापेमारी के लिए नरपतगंज थाना क्षेत्र पहुंची थी। इसी दौरान तस्करों और उनके समर्थकों ने मुखिया प्रतिनिधि के उकसाने पर जवानों पर हमला कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *