Headlines

बिहार के 7 जिलों में आज हो सकती बारिश:24 घंटे में 35 डिग्री रहा अधिकतम तापमान, 12-15 अक्टूबर के बीच मानसून विदाई के आसार




बिहार के सभी जिलों में आज मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, शिवहर और सीतामढ़ी में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बदलाव नहीं होगा। बीते 24 घंटे में बेगूसराय, बेतिया, खगड़िया, मधुबनी, समस्तीपुर, सुपौल, लखीसराय और मुजफ्फरपुर में बारिश हुई। पटना में सुबह हल्के बादल दिखे फिर तेज धूप निकली। बिहार से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी जारी है। पिछले एक सप्ताह से मानसून की वापसी की रेखा सुपौल से होकर गुजर रही है। मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए 12 से 15 अक्टूबर के बीच बिहार से मानसून की पूरी तरह वापसी हो सकती है। हालांकि, राज्य से मानसून की वापसी की आधिकारिक तारीख अभी स्पष्ट नहीं है। बंगाल की खाड़ी में 13 अक्टूबर को बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र इधर, बंगाल की खाड़ी में 13 अक्टूबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, थाईलैंड के पास बना चक्रवाती परिसंचरण 11 अक्टूबर के आसपास अंडमान सागर में पहुंच सकता है। इसके बाद दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसका बिहार के मौसम पर कितना असर पड़ेगा, यह इस सिस्टम की दिशा और आगे की स्थिति पर निर्भर करेगा। फिलहाल बिहार और आसपास के इलाकों में बारिश कराने वाले कुछ मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ गए हैं। यही वजह है कि राज्य में व्यापक बारिश की संभावना कम है। हालांकि, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण समेत कुछ जिलों में स्थानीय परिस्थितियों के कारण हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। देखें मौसम से जुड़ी तस्वीरें… पटना में कैसा रहेगा मौसम राजधानी में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहने या हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। दिन में धूप निकलने से हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है। अक्टूबर में अब तक 33% कम बारिश अक्टूबर महीने में बिहार में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। आंकड़ों के अनुसार, महीने में अब तक 34 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इसके मुकाबले केवल 24.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यानी सामान्य से करीब 33% कम बारिश हुई है। आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम? आने वाले कुछ दिनों में बिहार के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। व्यापक बारिश के आसार फिलहाल कम हैं। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बनने वाला कम दबाव का क्षेत्र आगे मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसलिए इसके विकसित होने के बाद बारिश की संभावना को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। मानसून की वापसी के बाद भी दूसरे मौसमी सिस्टम के कारण बारिश हो सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *