![]()
दरभंगा के गंगवारा स्थित सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। यहां सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से पहली बार प्रसव कराया गया। अस्पताल को दिसंबर तक पूरी तरह संचालित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही कैंसर की सर्जरी की सुविधा शुरू करने की तैयारी भी चल रही है। कैंसर जांच, ओपीडी और कीमोथेरेपी की मौजूदा सेवाओं का विस्तार कर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की योजना है। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अस्पताल का निरीक्षण करने के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआईसीएल), बिहार कैंसर केयर एंड रिसर्च सोसाइटी तथा होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर, मुजफ्फरपुर के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सिजेरियन से हुआ पहला प्रसव, डीएम ने जच्चा-बच्चा का जाना हाल सदर अस्पताल गंगवारा में डॉ. सुप्रिया नारायण ने सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से पहला प्रसव कराया। इसे अस्पताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रसव के बाद जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जच्चा और नवजात शिशु का हालचाल जाना। उन्हें नवजात शिशु किट प्रदान की। डीएम ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। कमियों का आकलन कर तैयार होगा बजट निरीक्षण के दौरान बीएमएसआईसीएल और संबंधित अधिकारियों की टीम ने अस्पताल में उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिन कमियों की पहचान की गई है, उनका आकलन कर बजट तैयार किया जाएगा। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि दिसंबर तक सदर अस्पताल, गंगवारा को पूर्ण रूप से संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जरूरी संसाधन, चिकित्सा सुविधाएं और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल के संचालन में आने वाली कमियों को दूर करने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीरता से काम करने का निर्देश दिया।
कैंसर की सर्जरी शुरू करने की तैयारी सदर अस्पताल परिसर में संचालित होमी भाभा कैंसर अस्पताल में भी सुविधाओं के विस्तार की तैयारी की जा रही है। होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर, मुजफ्फरपुर की इकाई के रूप में यहां मरीजों को पहले से जांच, ओपीडी और कीमोथेरेपी की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। अब दूसरे चरण में कैंसर की सर्जरी की सुविधा शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस संबंध में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बिहार कैंसर केयर एंड रिसर्च सोसाइटी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी रंजन कुमार, होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर, मुजफ्फरपुर से आए डॉ. रविकांत, संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं और बीएमएसआईसीएल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान अस्पताल की मौजूदा व्यवस्था को बेहतर बनाने, आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और कैंसर मरीजों को व्यवस्थित तरीके से इलाज देने पर चर्चा हुई। योजना के अनुसार, छठ पर्व के बाद लगभग दो महीने के भीतर कैंसर अस्पताल की व्यवस्था को सुचारू बनाने और सुविधाओं का विस्तार करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, कैंसर सर्जरी शुरू होने की निश्चित तारीख और किन-किन प्रकार की सर्जरी की सुविधा मिलेगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मिथिलांचल के मरीजों को मिलेगी राहत कैंसर उपचार की सुविधाओं का विस्तार होने से दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर सहित मिथिलांचल और आसपास के जिलों के मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में बेहतर और उन्नत उपचार के लिए कई मरीजों को मुजफ्फरपुर, पटना और मुंबई जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है। स्थानीय स्तर पर जांच, कीमोथेरेपी और भविष्य में सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों तथा उनके परिजनों को लंबी दूरी की यात्रा, समय और खर्च से राहत मिल सकती है। जिला प्रशासन का लक्ष्य सदर अस्पताल, गंगवारा की आधारभूत संरचना और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के साथ कैंसर अस्पताल की सेवाओं का भी विस्तार करना है, ताकि जिले और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
Source link
दिसंबर तक पूरी तरह से चालू होगा गंगवारा सदर अस्पताल:मरीजों को इलाज के लिए दरभंगा से बाहर नहीं जाना होगा; कैंसर की सर्जरी शुरू करने की भी तैयारी
