![]()
लंगट सिंह कॉलेज और बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में छात्र अधिकारों और हॉस्टल समेत 10 सूत्री मांगों को लेकर 8 दिनों से चल रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल बुधवार को खत्म हो गई। दिनभर चली मैराथन बातचीत, हॉस्टल के निरीक्षण और विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ कई दौर की वार्ता के बाद छात्रों की मांगों पर सहमति बनी। इसके बाद हॉस्टल आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने और अन्य मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया गया। लिखित आदेश मिलने के बाद सांसद डॉ. राजभूषण निषाद और प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों अनशनकारी छात्रों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इसके बाद धरना स्थल पर मौजूद छात्रों ने नारे लगाकर खुशी जताई। सुबह से शुरू हो गई थी बातचीत, 5-6 दौर में हुआ मंथन भूख हड़ताल के 8वें दिन सुबह करीब 10 बजे से ही विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई थीं। नगर आयुक्त, SDM, सिटी SP, IPS अधिकारी, DySP, SHO और दंडाधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। छात्र प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच दिनभर करीब 5 से 6 दौर की बातचीत हुई। इस दौरान छात्रावासों का भौतिक निरीक्षण भी किया गया। इसके अलावा कुलपति आवास और प्राचार्या आवास पर भी कई दौर की बातचीत हुई। छात्रों की ओर से हॉस्टल समेत 10 सूत्री मांगों को रखा गया। सांसद पहुंचे, कुलपति आवास पर भी हुई बातचीत बातचीत के बीच सांसद डॉ. राजभूषण निषाद भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने अनशनकारी छात्रों से उनकी मांगों और आंदोलन को लेकर जानकारी ली। इसके बाद वे छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ कुलपति आवास पहुंचे और विश्वविद्यालय प्रशासन से बातचीत की। मैराथन वार्ता के बाद हॉस्टल आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने और छात्रों की अन्य बुनियादी मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने को लेकर लिखित आश्वासन दिया गया। लिखित आदेश मिलने के बाद छात्रों ने अनशन खत्म करने पर सहमति जताई। सांसद बोले- मांगें पूरी कराने की जिम्मेदारी मेरी सांसद डॉ. राजभूषण निषाद ने छात्रों के बीच कहा कि उनकी मांगों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की जिम्मेदारी वे स्वयं लेते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इसके बाद सांसद और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों अनशनकारी छात्रों को जूस पिलाया। इसी के साथ आठ दिनों से जारी भूख हड़ताल समाप्त हो गई। 170 घंटे से अधिक चला अनशन छात्रों का अनशन लगातार आठ दिनों से चल रहा था। इस दौरान दोनों अनशनकारी छात्र भूख हड़ताल पर बैठे थे। इससे पहले आंदोलन के दौरान छात्रों की तबीयत बिगड़ने का मामला भी सामने आया था। छात्र लगातार हॉस्टल समेत अपनी अन्य मांगों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे थे। 8वें दिन प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दिनभर चली बातचीत के बाद हॉस्टल के मुद्दे पर सहमति बनी और लिखित आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन समाप्त हुआ।
अनशन खत्म होते ही लगे नारे अनशन खत्म होने के बाद धरना स्थल पर मौजूद छात्रों में उत्साह दिखा। छात्रों ने एक-दूसरे को बधाई दी और नारे लगाए। आंदोलन में शामिल छात्रों ने बातचीत और समाधान की प्रक्रिया में सहयोग करने वाले प्रशासन, पुलिस, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य छात्र संगठनों के प्रति आभार जताया। अब छात्रों की नजर लिखित आश्वासन के आधार पर हॉस्टल आवंटन की प्रक्रिया शुरू होने और 10 सूत्री मांगों पर आगे होने वाली कार्रवाई पर है।
Source link
BRABU में 8वें दिन छात्रों की भूख हड़ताल खत्म:हॉस्टल आवंटन पर बनी सहमति, लिखित आश्वासन के बाद अधिकारियों ने जूस पिलाया
