![]()
जमुई में चंद्रदीप थाना क्षेत्र के हाबुनगर गांव के मानपुर बहियार में सोमवार शाम खेत देखने गए किसान अमीरक यादव (50) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से रोक दिया। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शव उठाया और पोस्टमार्टम के लिए सोमवार देर रात सदर अस्पताल भेजा। मंगलवार सुबह शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। टांगी और खंती से हमला करने का आरोप मृतक के पुत्र दीपक कुमार ने गांव के ही सरेख यादव, संतोष कुमार यादव, अशोक यादव, अनिल यादव और मनोज यादव समेत तीन अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि परिवार का आरोपियों से पहले कोई बड़ा विवाद नहीं था। करीब दो महीने पहले खेत में मवेशी जाने को लेकर झगड़ा हुआ था, लेकिन इसके बाद स्थिति सामान्य थी। दीपक के अनुसार, उनके पिता अमीरक यादव खेत की ओर मानपुर बहियार गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए लोगों ने टांगी और खंती से उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके दोनों पैर और हाथ तोड़ दिए और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी वार किए। इससे उनकी मौत हो गई। दीपक ने बताया कि वह और उनका भाई भी पिता के साथ गए थे, लेकिन हमला होते ही दोनों पीछे की ओर भाग गए। परिजनों के पहुंचने से पहले आरोपी फरार दीपक ने बताया कि जब तक परिवार के अन्य सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस करीब दो घंटे देर से घटनास्थल पर पहुंची, जिसके कारण अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पांच नामजद और तीन अज्ञात पर एफआईआर चंद्रदीप थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि घटना आपसी विवाद में हुई है। करीब तीन महीने पहले मवेशी चराने को लेकर पड़ोसी से विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि मामले में पांच नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Source link
जमुई में खेत देखने गए किसान की टांगी-खंती से हत्या:दोनों पैर-हाथ टूटे थे; 2-3 महीने पहले मवेशी चराने को लेकर हुआ था विवाद
