![]()
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज बिहार दौरे पर हैं। बिहार में सड़क और बुनियादी ढांचे से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं को लेकर आज पटना में अहम बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री आवास में होने वाली इस बैठक में CM सम्राट चौधरी के साथ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। बैठक में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेन्द्र कुमार और विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पहले से चल रही परियोजनाओं की होगी समीक्षा बैठक में बिहार में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेसवे परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा होगी। जिन परियोजनाओं की रफ्तार धीमी है, उन्हें तेजी से पूरा करने के लिए जरूरी कदमों पर भी मंथन किया जाएगा। जमीन अधिग्रहण, मंजूरी और अन्य अड़चनों को दूर करने पर भी चर्चा होने की संभावना है। राज्य सरकार की ओर से नई और लंबित सड़क परियोजनाओं के प्रस्ताव भी केंद्र के सामने रखे जाएंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब 15 हजार करोड़ रुपये से लेकर 53 हजार करोड़ रुपये तक बताई जा रही है। सरकार का जोर इन परियोजनाओं को जल्द मंजूरी दिलाने और जरूरी फंड उपलब्ध कराने पर रहेगा। पटना एलिवेटेड कॉरिडोर पर भी चर्चा बैठक में पटना एलिवेटेड कॉरिडोर महत्वपूर्ण मुद्दों में शामिल रहेगा। अनीसाबाद से दीदारगंज के बीच प्रस्तावित इस एलिवेटेड कॉरिडोर की लंबाई करीब 13.14 किलोमीटर बताई गई है। इसकी अनुमानित लागत करीब 8,456 करोड़ रुपये है। इस परियोजना का उद्देश्य पटना शहर के अंदर भारी ट्रैफिक के दबाव को कम करना और शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक यातायात को आसान बनाना है। परियोजना को लेकर आगे की प्रक्रिया और मंजूरी पर बैठक में चर्चा हो सकती है। पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस वे पर भी फोकस पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में रहेगा। करीब 245 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 31,900 करोड़ रुपये बताई गई है। बिहार के लिए यह सड़क संपर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण परियोजना है। गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे को लेकर भी होगी चर्चा बिहार से होकर गुजरने वाले गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे को लेकर भी बैठक में चर्चा होगी। छह लेन के इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की राह में जमीन अधिग्रहण समेत दूसरी अड़चनें हैं। बैठक में इन समस्याओं को दूर करने के लिए केंद्र और राज्य के स्तर पर समन्वय बढ़ाने पर बात हो सकती है। राम जानकी पथ और दूसरी परियोजनाएं भी एजेंडे में शामिल इसके अलावा राम जानकी पथ की परियोजना पर भी चर्चा होगी। मसरख-चकिया-भिट्ठामोड़ के बीच प्रस्तावित इस सड़क परियोजना की लागत करीब 8,672 करोड़ रुपये बताई गई है। अरवल-बिहारशरीफ मार्ग के चौड़ीकरण की योजना भी बैठक में रखी जाएगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 3,844 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही बक्सर-भागलपुर सड़क परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर पर भी चर्चा की जाएगी। जमीन अधिग्रहण और मंजूरी पर भी होगी बात बड़ी सड़क परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में जमीन अधिग्रहण और विभिन्न मंजूरियां अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे में बैठक में इनसे जुड़ी समस्याओं की भी समीक्षा की जाएगी। राज्य के अधिकारियों को परियोजनाओं के लिए जरूरी जमीन अधिग्रहण और पर्यावरण तथा वन से जुड़ी मंजूरियों की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए जा सकते हैं। राइजिंग बिहार इन्वेस्टर समिट में भी शामिल होंगे गडकरी सड़क परियोजनाओं की समीक्षा के अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पटना में आयोजित होने वाले ‘राइजिंग बिहार-इन्वेस्टर समिट 2026’ में भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम होटल ताज सिटी सेंटर में आयोजित होगा। समिट में बिहार में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। बेहतर सड़क और परिवहन व्यवस्था को राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण आधार के तौर पर देखा जा रहा है। गडकरी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और वक्ता के तौर पर शामिल होंगे। पहले दिल्ली में भी हो चुकी है मुलाकात मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले दिल्ली में भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बिहार की सड़क परियोजनाओं को लेकर चर्चा कर चुके हैं। अब पटना में होने वाली बैठक में इन परियोजनाओं की प्रगति और आगे की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक के जरिए केंद्र और बिहार सरकार के बीच सड़क परियोजनाओं को लेकर समन्वय बढ़ाने और लंबित मामलों को जल्द निपटाने पर जोर रहने की संभावना है।
Source link
बिहार की सड़क परियोजनाओं पर आज गडकरी-सम्राट की बड़ी बैठक:53 हजार करोड़ तक की योजनाओं पर मंथन; पटना एलिवेटेड कॉरिडोर, पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे और गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे की होगी समीक्षा
