![]()
किशनगंज के बहादुरगंज थाना क्षेत्र के मंडल टोला डोहर निवासी अकील अख्तर के साथ पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर थाना क्षेत्र स्थित उसके ससुराल में बंधक बनाकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने उसे जंजीर से बांधकर रखा और उसके साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलने के बाद किशनगंज और इस्लामपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को युवक को रेस्क्यू कराया गया। पुलिस के अनुसार रेस्क्यू के समय उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए। पत्नी-बच्चों को लाने ससुराल गया था युवक पीड़ित अकील अख्तर के अनुसार वह 27 सितंबर को पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के गुंजरिया पश्चिम टोला स्थित ससुराल अपनी पत्नी और बच्चों को लाने गया था। इसी दौरान वहां विवाद हो गया। अकील का आरोप है कि इसके बाद उसे बंधक बना लिया गया और जंजीर से बांधकर रखा गया। उसने अपने साथ मारपीट किए जाने की भी बात कही है। मां ने पूर्व विधायक को दी जानकारी, एसपी तक पहुंचा मामला युवक के घर नहीं लौटने और उसके साथ कथित मारपीट की जानकारी मिलने पर उसकी मां ने कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम को मामले से अवगत कराया। पूर्व विधायक ने किशनगंज एसपी संतोष कुमार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद एसपी के निर्देश पर बहादुरगंज पुलिस ने इस्लामपुर पुलिस से संपर्क कर युवक को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। संयुक्त कार्रवाई में बंधक युवक का रेस्क्यू बहादुरगंज और इस्लामपुर पुलिस की संयुक्त पहल के बाद गुरुवार को अकील अख्तर को रेस्क्यू कर परिजनों के हवाले कर दिया गया। रेस्क्यू के दौरान उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए। घटना के बाद पुलिस ने युवक से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। दो शादियों की बात सामने आई, विवाद की जांच जारी बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में युवक के दो शादियां करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार वह अपनी पहली पत्नी को लाने ससुराल गया था, जहां पति-पत्नी के बीच आपसी अनबन को लेकर विवाद हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने त्वरित कार्रवाई के लिए किशनगंज एसपी का आभार जताते हुए लोगों से कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की है।
Source link
किशनगंज-'ससुराल में दामाद को जंजीर से बांधकर पीटा':शरीर पर मिले चोट के निशान; एसपी के निर्देश पर पुलिस ने रेस्क्यू कर परिजनों को सौंपा
