Headlines

नेपाल में भारी बारिश का अलर्ट; APF ने की माइकिंग:कोसी बराज से 1.85 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज, तटबंध-स्परों की निगरानी बढ़ी




सुपौल से सटे नेपाल के कोसी प्रदेश में गुरुवार से रविवार के बीच भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी है। इसके मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया गया है। कोसी बराज के आसपास नेपाल एपीएफ पुलिस की ओर से माइकिंग कर लोगों को सावधान किया जा रहा है। देखें, मौके से आई तस्वीरें… नदी किनारे नहीं जाने की अपील बराज और नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने की अपील की गई है। भारी बारिश के दौरान जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी, बाढ़, कटाव और भूस्खलन की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने बेहद जरूरी होने पर ही लंबी दूरी या रात में यात्रा करने और निकलने से पहले मौसम व सड़क की स्थिति की जानकारी लेने को कहा है। कोसी बराज पर 1.85 लाख क्यूसेक डिस्चार्ज गुरुवार शाम 5 बजे कोसी बराज पर कुल डिस्चार्ज 1,85,130 क्यूसेक दर्ज किया गया, जो बढ़ते क्रम में था। इसमें डाउनस्ट्रीम डिस्चार्ज 1,81,330 क्यूसेक और वेस्टर्न कोसी मेन कैनाल (W.K.M.C.) में 3,800 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। ईस्टर्न कोसी मेन कैनाल (E.K.M.C.) में डिस्चार्ज शून्य रहा। वहीं, नेपाल के बराह क्षेत्र में शाम 5 बजे कोसी नदी का डिस्चार्ज 1,06,250 क्यूसेक दर्ज किया गया, जो स्थिर क्रम में था। सुबह जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद दोपहर से इसमें कमी दर्ज की गई। एसडीएम ने तटबंध और स्परों का लिया जायजा नेपाल में बारिश की संभावना को देखते हुए वीरपुर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। एसडीएम विनय कुमार ने कोसी पूर्वी तटबंध और विभिन्न स्परों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित थानों और विभागीय अधिकारियों को अलर्ट रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी रखने का निर्देश दिया। विभाग बोला- फिलहाल स्थिति सामान्य मुख्य अभियंता (बाढ़ नियंत्रण एवं जल निःशरण), वीरपुर संजीव शैलेश ने बताया कि फिलहाल कोसी बराज की स्थिति सामान्य है। जल अधिग्रहण क्षेत्र में बारिश के कारण नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव हो रहा है। विभाग लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है और रूटीन अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल में बारिश होने पर कोसी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना बनी रहती है। आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क नेपाल में आपदा या मौसम संबंधी आपात स्थिति में 1155 पर मौसम एवं बाढ़ की जानकारी, 1234 पर आपदा सहायता, 100 पर नेपाल पुलिस और 1114 पर सशस्त्र पुलिस बल से संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *