Headlines

मॉल से लेकर अस्पतालों के प्रॉपर्टी टैक्स की होगी जांच:मेदांता के सामने पार्किंग में अवैध वसूली का आरोप, कंकड़बाग में 6 अवैध यूनिपोल हटाए




पटना नगर निगम ने राजस्व बढ़ाने और शहर में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। एक ओर निगम ने पार्किंग स्थल पर कथित अवैध वसूली के मामले में एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं अवैध यूनिपोल हटाकर छह मामलों में भी एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही बड़े मॉल, अस्पताल और कॉम्प्लेक्स सहित अन्य संपत्तियों के प्रॉपर्टी टैक्स की जांच होगी। इसके लिए टाउन प्लानर और आर्किटेक्ट की विशेषज्ञ टीम को अभियान में शामिल किया गया है। मेदांता के सामने पार्किंग में अवैध वसूली का आरोप, एजेंसी के खिलाफ FIR कंकड़बाग में मेदांता अस्पताल के सामने बने नगर निगम के पार्किंग स्थल पर ठेला और वेंडरों को जगह देने के नाम पर पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पटना नगर निगम ने पार्किंग का संचालन करने वाली अमेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कंकड़बाग थाने में FIR दर्ज कराई है। निगम के अनुसार, एजेंसी को इस जगह पर स्मार्ट पार्किंग संचालित करने और तय पार्किंग शुल्क लेने की जिम्मेदारी दी गई थी। आरोप है कि एजेंसी की ओर से पार्किंग चलाने के बजाय स्थल के कुछ हिस्सों में ठेला और वेंडरों को जगह दी जा रही थी। इसके बदले उनसे कथित तौर पर 100 से 300 रुपये तक की राशि ली जा रही थी। छह जगहों से हटाए गए अवैध यूनिपोल शहर में बिना अनुमति लगाए जा रहे यूनिपोल और विज्ञापन बोर्डों के खिलाफ पटना नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। कंकड़बाग अंचल में छह जगहों पर लगे अवैध यूनिपोल हटाए गए। साथ ही इन मामलों में अज्ञात लोगों के खिलाफ कंकड़बाग थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। नगर निगम की टीम ने साई नेत्रालय के पास, कंकड़बाग टेंपो स्टैंड, विकलांग भवन के सामने, लोहिया नगर पोस्ट ऑफिस के पास, मेदांता अस्पताल के गेट नंबर-1 और अस्पताल के पीछे लगे यूनिपोल को हटाया। बड़े मॉल, अस्पताल और कॉम्प्लेक्स के संपत्ति कर की होगी जांच पटना नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स से होने वाली आय बढ़ाने और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सही टैक्स असेसमेंट सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। अब बड़े मॉल, मार्केट कॉम्प्लेक्स, बैंक्वेट हॉल, अस्पताल, जमीन और अन्य बड़ी संपत्तियों की जांच टाउन प्लानर और आर्किटेक्ट करेंगे। इसके लिए पांच टाउन प्लानर और दो आर्किटेक्ट की विशेषज्ञ टीम को अभियान में शामिल किया गया है। क्षेत्रफल, स्वीकृत नक्शा और दर्ज संपत्ति कर का मिलान होगा आधुनिक उपकरणों से वास्तविक क्षेत्रफल, स्वीकृत नक्शे और जमा किए जा रहे संपत्ति कर का मिलान किया जाएगा। गड़बड़ी मिलने पर फोटो और वीडियो साक्ष्य के साथ रिपोर्ट तैयार की जाएगी और नियमानुसार पेनाल्टी के साथ दोबारा कर निर्धारण होगा। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने अंचल में बड़ी संपत्तियों का स्थल निरीक्षण कराने का निर्देश दिया है। नूतन राजधानी और पाटलिपुत्र अंचल में दो-दो विशेषज्ञ, जबकि कंकड़बाग, बांकीपुर, पटना सिटी और अजीमाबाद में विशेषज्ञों की तैनाती की गई है। 699 संपत्तियों से 45.22 लाख से अधिक वसूली अभियान के दौरान शुक्रवार को 699 संपत्तिधारकों से 45.22 लाख रुपये से अधिक संपत्ति कर वसूला गया। कंकड़बाग अंचल में सबसे अधिक 11.71 लाख रुपये का संग्रह हुआ, जबकि पाटलिपुत्र अंचल में सबसे अधिक 159 संपत्तियों ने कर जमा किया। अजीमाबाद से 7.43 लाख, बांकीपुर से 4.38 लाख, नूतन राजधानी से 10.29 लाख, पाटलिपुत्र से 9.64 लाख और पटना सिटी से 1.77 लाख रुपये की वसूली हुई। पुराने कपड़े-किताब नहीं होंगे बेकार, निगम की RRR वैन करेगी संग्रह स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत पटना नगर निगम का ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ जारी है। निगम की RRR (रिड्यूज, रियूज, रिसाइकिल) वैन लोगों के घरों से पुराने कपड़े, किताबें, खिलौने, जूते, बर्तन और अन्य उपयोगी सामान एकत्र करेगी। इन सामानों को फेंकने के बजाय दोबारा इस्तेमाल में लाया जाएगा और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा। शुक्रवार को अजीमाबाद अंचल के वार्ड-57 में विशेष RRR कलेक्शन ड्राइव चलाया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *