Headlines

दरभंगा में पुलिस टीम पर हमला, धक्का-मुक्की:सरकारी गाड़ी पर रोड़ेबाजी, शीशा टूटा; ASI के हाथ में लगी चोट, आरोपी भी घायल




दरभंगा के मनीगाछी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम के साथ मारपीट, धक्का-मुक्की और सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। टीम बघान्त गांव के पासवान टोला में शराब और नशे के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। इस दौरान स्थानीय लोगों ने हंगामा करते हुए रोड़ेबाजी की। एएसआई राजेश सिंह के हाथ में चोट लगी है। उनका इलाज मनीगाछी सीएचसी में कराया गया। वहीं, गिरफ्तार आरोपी अजय पासवान के चलती पुलिस गाड़ी से कूदने के दौरान चोट लगने की बात सामने आई है। डीएमसीएच के कैदी वार्ड में एडमिट कराया गया है। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए क्या है पूरा मामला पुलिस के अनुसार, बुधवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि पासवान टोला में कुछ लोग शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं। जिसके बाद थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां से तीन लोगों को नशे की हालत में हिरासत में लेकर सरकारी वाहन में बैठा लिया। छह नामजद समेत अज्ञात को बनाया आरोपी आरोप है कि इसी दौरान स्थानीय गणेशी पासवान के पुत्र अजय पासवान पुलिस टीम से उलझ गया और हंगामा करते हुए गाड़ी में बैठे लोगों को छुड़ा लिया। इसके बाद पुलिस टीम को वहां से वापस लौटना पड़ा। मामले को लेकर मनीगाछी थाने में कांड संख्या 267/26 दर्ज की गई। इसमें अजय पासवान समेत छह नामजद और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी। गुरुवार देर रात बाजितपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार नेहरा, मोती कुमार और मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वज्र वाहन के साथ बघान्त गांव के पासवान टोला पहुंची। अजय को गिरफ्तार कर ले जा रही पुलिस टीम पर फिर हंगामा टीम ने छापेमारी कर अजय पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान उसके परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हंगामा किया। हालांकि किसी तरह अजय पासवान को काबू में कर सरकारी वाहन में बैठा लिया। पुलिस के अनुसार, गांव से करीब दो किलोमीटर बाहर निकलने के बाद 4 बाइक से कुछ लोग पहुंचे। इसी दौरान एक बाइक सवार ने पुलिस वाहन के सामने से आकर शीशे पर पत्थर मार दिया। इससे वाहन का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। चलती गाड़ी से कूदा आरोपी अजय पासवान पुलिस गाड़ी के पीछे दो सिपाहियों के साथ बैठा था। इसी दौरान उसने अपने पैर से वाहन के पिछले शीशे पर जोरदार प्रहार किया, जिससे शीशा टूट गया। इसके बाद अजय पासवान चलती गाड़ी से बाहर कूद गया। हालांकि मौके पर मौजदू पुलिस बल ने उसे पकड़ लिया। चलती गाड़ी से कूदने के कारण अजय पासवान को भी शरीर में चोटें आईं। इसके बाद उसे इलाज के लिए डीएमसीएच के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। ‘दोषियों को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा’ वहीं, इस संबंध में बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि मनिगाछी में पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया है और एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है। घटना में जो भी लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार शराब कारोबारियों और शराब के नशे में हंगामा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस तरह की घटना कर यदि कोई यह समझ रहा है कि पुलिस अपनी कार्रवाई से पीछे हट जाएगी या कार्रवाई डायवर्ट हो जाएगी, तो ऐसा बिल्कुल नहीं होगा। शराब कारोबार और नशेड़ियों के खिलाफ पुलिस आगे भी लगातार और कड़ाई से कार्रवाई करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *