Headlines

परीक्षा दे रहे छात्रों पर स्कूल में घुसकर हमला:नालंदा में 5-7 लड़कों ने बेल्ट-डंडों से पीटा; बीच-बचाव करने वाली शिक्षिका से धक्का-मुक्की




नालंदा जिले के हरनौत स्थित मध्य विद्यालय कोलामा में अर्धवार्षिक परीक्षा के दौरान मंगलवार को अफरा-तफरी मच गई। 5-7 बाहरी लड़कों का एक गुट स्कूल की बाउंड्रीवॉल फांदकर अंदर घुस गया और परीक्षा दे रहे छात्रों पर बेल्ट, फाइल और डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची महिला शिक्षिका के साथ भी बदसलूकी और धक्का-मुक्की की गई। अचानक हुए हमले से स्कूल में दहशत फैल गई और परीक्षा बाधित हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गणेश पूजा मेले के विवाद के बाद हमला पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, हमले की वजह एक दिन पहले गणेश पूजा मेले में हुआ विवाद बताया जा रहा है। तेलमर क्षेत्र में सोमवार शाम लगे मेले में बच्चों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। आरोप है कि उसी विवाद के बाद मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दूसरे गुट के लड़के स्कूल की दीवार फांदकर अंदर घुस गए। 8वीं कक्षा के छात्र अर्जुन कुमार और रजनीश कुमार ने बताया कि वे अंग्रेजी का पेपर दे रहे थे। इसी दौरान मंगल कुमार और उसके 5-6 अन्य साथियों ने अचानक बेल्ट और डंडों से उन पर हमला कर दिया। रोकने पहुंची शिक्षिका से भी धक्का-मुक्की हमले के समय महिला शिक्षिका पूनम कुमारी कक्षा में मौजूद थीं और कॉपियों पर हस्ताक्षर कर रही थीं। उन्होंने बताया कि बाहरी लड़कों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की करते हुए छात्रों की पिटाई जारी रखी। प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण कुमार ने बताया कि घटना के समय स्कूल में अन्य शिक्षक भी मौजूद थे, लेकिन हमलावरों के डर के कारण वे बीच-बचाव नहीं कर सके। घटना के बाद स्कूल में कुछ देर तक भय का माहौल बना रहा। दो पुलिस वाहन मौके पर पहुंचे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की दो गाड़ियां स्कूल पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष निशा भारती ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बच्चों के दो गुटों के बीच विवाद से जुड़ा है। पुलिस के निर्देश पर प्रभारी प्रधानाध्यापक ने घटना को लेकर थाने में लिखित शिकायत दी है। जिन छात्रों को चोटें आई हैं, उनके अभिभावकों को भी थाने बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि अभिभावकों के बयान और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *