![]()
बेगूसराय के छौड़ाही थाना क्षेत्र के सावंत पंचायत के बखड्डा गांव में मंगलवार को बिजली के लोहे के पोल में करंट आने से एक भैंस की मौत हो गई। भैंस को चराने ले जा रहे पशुपालक रामसखा यादव को भी करंट का झटका लगा और वे जमीन पर गिर पड़े। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छौड़ाही ले जाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उनकी हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उन्हें बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। रामसखा यादव ने बताया कि वे अपनी भैंस को घास चराने के लिए ले जा रहे थे। इसी बीच भैंस बिजली के लोहे के खंभे के पास घास चर रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, खंभे में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से कनेक्शन के साथ अर्थिंग तार भी लगा हुआ था। इसी दौरान भैंस करंट की चपेट में आ गई और वहीं उसकी मौत हो गई। भैंस को बचाने की कोशिश में पशुपालक को भी जोरदार बिजली का झटका लगा और वे गिर पड़े। पशुपालक ने बताया कि उन्होंने तीन-चार दिन पहले ही भैंस और उसके बच्चे को करीब एक लाख रुपए में खरीदा था। भैंस की अचानक मौत से उनके परिवार के सामने पैसों की दिक्कत खड़ी हो गई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मामले की जांच कराने और पशुपालक को मुआवजा देने की मांग की है। घटना के संबंध में जानकारी लेने के लिए खोदावंदपुर के जेई पवन कुमार से कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन का जवाब नहीं दिया। ग्रामीणों ने बिजली के लोहे के पोल में करंट आने की जांच कराकर आगे ऐसी घटनाओं को रोकने की भी मांग की है।
Source link
बिजली पोल में करंट से भैंस की मौत,किसान झुलसा:सावंत पंचायत के बखड्डा गांव में हादसा,पशुपालक अस्पताल में भर्ती
