Headlines

जॉब कैंप में 55 पदों के लिए 400 अभ्यर्थी पहुंचे:भीड़ देखकर कई लौटे, चयनित अभ्यर्थियों को मुजफ्फरपुर लोकेशन पर काम मिला




मुजफ्फरपुर में नौकरी के सिर्फ 55 मौके, लेकिन उम्मीद लेकर पहुंचने वालों की संख्या कई गुना रही। मंगलवार को गन्नीपुर स्थित जिला अवर प्रादेशिक नियोजनालय में लगे जॉब कैंप में मुजफ्फरपुर के अलावा शिवहर, सीतामढ़ी, मोतिहारी समेत आसपास के जिलों से 300-400 अभ्यर्थी पहुंचे। किसी ने इंटरव्यू को अच्छा अवसर बताया तो कुछ अभ्यर्थी लंबी कतार देखकर बिना इंटरव्यू दिए ही वापस लौट गए। एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, मुजफ्फरपुर की ओर से आयोजित कैंप में लाइफ मित्र और सेल्स ऑफिसर के 55 पदों पर चयन होना था। इन पदों के लिए 18 से 50 वर्ष तक के 12वीं पास और ग्रेजुएट अभ्यर्थियों को मौका दिया गया। चयनित अभ्यर्थियों को मुजफ्फरपुर लोकेशन पर काम करना है। वेतन 15 से 20 हजार रुपए तक बताया गया। सुबह से रिज्यूम लेकर पहुंचने लगे अभ्यर्थी जॉब कैंप को लेकर सुबह से ही नियोजनालय परिसर में अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी। कई युवा हाथ में रिज्यूम लेकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। इंटरव्यू की प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चली। कैंप में बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थी भी पहुंचे, जो निर्धारित योग्यता से अधिक पढ़े-लिखे थे और नौकरी की तलाश में यहां पहुंचे थे। शिवहर से पहुंची निशा सिंह गौतम ने बताया कि उन्होंने एनसीएस पोर्टल पर जॉब कैंप का नोटिफिकेशन देखा था। पोर्टल पर आवेदन करने के बाद 15 सितंबर को इंटरव्यू के लिए मुजफ्फरपुर का पता दिया गया था। निशा ने बताया कि उनका इंटरव्यू अच्छा रहा और उन्हें 18 सितंबर को दोबारा बुलाया गया है। उन्होंने इसे अपने लिए अच्छा अवसर बताया। भीड़ देखकर लौट गया अभ्यर्थी मुजफ्फरपुर के सकरा सरैया निवासी सुभाष कुमार भी नौकरी की उम्मीद में कैंप पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि 55 पदों के लिए काफी ज्यादा भीड़ देखकर उन्हें लगा कि लाइन में खड़े रहने के बाद भी नंबर आने तक कैंप खत्म हो सकता है। इसी कारण वह वापस लौट गए। उन्होंने कहा कि नौकरी के लिए इतनी बड़ी संख्या में युवाओं का पहुंचना बेरोजगारी की स्थिति को दिखाता है। वहीं, सरैया से पहुंचे निखिल कुमार ने बताया कि वह सुबह से लाइन में लगे थे। उनका रिज्यूम जमा हो चुका है और अब शॉर्टलिस्ट होने का इंतजार है। शॉर्टलिस्ट होने पर इंटरव्यू दिया जाएगा। पिछली बार नहीं हुआ चयन, फिर पहुंचे सकरा के बरियारपुर निवासी अरमान अंसारी पिछली बार भी जॉब कैंप में पहुंचे थे, लेकिन उनका चयन नहीं हो पाया था। इस बार वह दोबारा कैंप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि लगातार जॉब कैंप का आयोजन होना अच्छी बात है। उम्मीद है कि इस बार उनका चयन हो जाएगा। 55 योग्य अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने बताया कि जिला नियोजनालय परिसर में जॉब कैंप लगाया गया था। इसमें लाइफ मित्र और सेल्स ऑफिसर के 55 पदों पर चयन की प्रक्रिया चली। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का पहुंचना उत्साहजनक है। उन्होंने बताया कि अब 18 सितंबर को मुजफ्फरपुर आईटीआई ग्राउंड में मेगा जॉब कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप में देर शाम तक चयन प्रक्रिया चलने के बाद योग्य 55 अभ्यर्थियों के चयन की बात बताई गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *