![]()
सुपौल जिले के बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत हृदयनगर पंचायत में पेट्रोल पंप के समीप शनिवार देर शाम खाद लदे बिना नंबर के ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों ने सदर अस्पताल सुपौल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में बाइक चालक अरविंद ऋषिदेव (26), उनकी पत्नी श्रुति देवी (22) और मूर्ति देवी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार तीनों भीमनगर पंचायत के कटैया 22 आरडी वार्ड संख्या-2 के निवासी बताए जाते हैं। वे हरिपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए…. अब जानिए पूरी घटना…. बताया जा रहा है कि अरविंद अपनी पत्नी और साली को मायके छोड़ने के लिए बाइक से कटैया जा रहे थे। इसी दौरान हृदयनगर पंचायत स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार खाद लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इलाज के समय 2 की गई जान स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी और घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर पहुंचाया। वहां डॉ. रहमान एवं डॉ. अमित कुमार की देखरेख में इलाज शुरू किया गया। चिकित्सकों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। मामले की जांच जारी – वीरपुर थानाध्यक्ष तीनों मृतकों के शव का सदर अस्पताल सुपौल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने शनिवार रात करीब 10 बजे बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link
सुपौल में ट्रैक्टर की टक्कर से 3 की मौत:पत्नी-साली को मायके छोड़ने बाइक से जा रहे थे, इलाज के समय तीनों की गई जान
