Headlines

CM विजय की पार्टी TVK के पदाधिकारी की हत्या:बाइक से आए हमलावरों ने बीच सड़क पर काटा, 5 गिरफ्तार




चेन्नई के बेसेंट नगर में CM विजय की पार्टी TVK के पदाधिकारी कन्नन की बीच सड़क पर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार रात की है, इसका वीडियो रविवार को सामने आया है। जिसमें हमलावर कन्नन पर धारदार हथियार से हमला करते दिख रहे हैं। हमलावर बाइक से आए, कन्नन का पीछा किया और मचेते से हमला कर भाग गए। कन्नन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी 20-22 साल के हैं। शुरुआती जांच में हत्या की वजह पुरानी दुश्मनी बताया गया है। कन्नन, वन्नंथुरई के रहने वाले थे। वह IT कंपनियों के लिए कार रेंटल का कारोबार चलाते थे। हिस्ट्रीशीटर थे कन्नन, दावा- हत्या का आरोप भी था पुलिस के मुताबिक, कन्नन शनिवार रात वन्नंथुरई के रामासामी एवेन्यू में एलैयम्मन कोइल स्ट्रीट पर खड़े थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर दोपहिया वाहनों से पहुंचे और उनका पीछा करने लगे। इसके बाद हमलावरों ने मचेते से कन्नन पर हमला किया और भाग गए। हमले में कन्नन को गंभीर चोटें के चलते उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, कन्नन खुद हिस्ट्रीशीटर थे और उनके खिलाफ क्रिमिनल रिकॉर्ड था। उनकी नियमित निगरानी की जा रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कन्नन और उनके साथियों ने 2009 में अडयार इलाके में हमलावरों में शामिल भरनी के चाचा शिवा की हत्या की थी। इसके बाद 2016 में सैदापेट में भरनी के पिता वेलु की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, भरनी ने पुरानी हत्याओं का बदला लेने के लिए अपने दोस्तों के साथ मिलकर कन्नन की हत्या की साजिश रची। मामले में आगे की जांच जारी है। कन्नन के रिश्तेदार की शिकायत पर 5 आरोपी गिरफ्तार कन्नन के चचेरे भाई पुरुषोत्तमन की शिकायत पर शास्त्री नगर पुलिस ने केस दर्ज किया। मामले की जांच के लिए अडयार के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस की निगरानी में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई गई। इसमें असिस्टेंट कमिश्नर और शास्त्री नगर पुलिस इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अडयार के रुक्मणी नगर निवासी भरनी, अडयार के गोविंदराजापुरम निवासी राकेश, तिरुवन्मियूर के पेरियार नगर निवासी नरेश, कोट्टूर निवासी मणिकंदन और अडयार के इंदिरा नगर निवासी हरिहरन के रूप में हुई है। सभी की उम्र 20-22 साल है। उधयनिधि स्टालिन ने सरकार पर निशाना साधा हत्या के बाद विपक्ष ने सरकार पर हमला बोला। विपक्ष के नेता उधयनिधि स्टालिन ने आरोप लगाया कि TVK ऐसी जगह बन गई है, जहां अपराधी शरण लेने आते हैं। DMK नेता ने कहा कि सत्तारूढ़ TVK में शामिल एक हिस्ट्रीशीटर को खुले रास्ते पर पीछा कर काटकर मार दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि क्या तमिलनाडु में सरकार जिस ‘वेट्री’ कानून-व्यवस्था की बात करती है, वह यही है। उधयनिधि ने कहा, “कल पुलिस की अनुदान मांगों पर मुख्यमंत्री के जवाब देने से पहले राजधानी में उनकी अपनी पार्टी के एक पदाधिकारी की हत्या कर दी गई है।” मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु विधानसभा में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देना है। PMK अध्यक्ष ने भी सरकार को घेरा विपक्ष की आलोचना में शामिल होते हुए PMK अध्यक्ष डॉ. अनबुमणि रामदास ने सुरक्षा व्यवस्था संभालने के तरीके को लेकर सरकार पर निशाना साधा। रामदास ने कहा कि कन्नन की हत्या से लोगों में डर पैदा हो गया है, चेन्नई महानगर क्षेत्र में हिंसक अपराध और लूट रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जवाबदेही तय करने और पुलिस की निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने की व्यवस्था को काफी मजबूत करने की मांग की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *