Headlines

Punjab Chandigarh News | Congress Leader Arrested & Police Attack Case


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर कैबिनेट मीटिंग से जुड़ी रही। मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि सरकार ने पीपीएससी ग्रुप-1 रेगुलेशन में संशोधन को मंजूरी दे दी है। फूड ग्रेन ट्रांसपोर्ट पॉलिसी को हरी झंडी दे दी गई।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. स्विमिंग पूल किनारे बच्चे की अचानक मौत

लुधियाना में कपड़ा कारोबारी के 15 साल के बेटे वंश की स्विमिंग पूल के किनारे अचानक मौत हो गई। घटना 29 अगस्त की है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। परिजनों के मुताबिक वंश को लंबे समय से हार्ट की बीमारी थी। दिल्ली एम्स में उसका इलाज चल रहा था। दिल में छेद होने के बाद उसकी बायपास सर्जरी भी हुई थी। इलाज के बाद उसकी हालत में काफी सुधार था।

29 अगस्त को वंश दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल गया था। एक-दो बार डुबकी लगाने के बाद वह किनारे बैठ गया। कुछ देर बाद अचानक असहज होकर अंगड़ाई लेने लगा। उठकर चलने लगा तो लड़खड़ाया और वापस आकर बैठ गया। उसने सिर दीवार से लगाया और आंखें बंद करने लगा। दोस्त ने उसे बेहोश होते देखा और संभालने की कोशिश की।

10-15 सेकेंड बाद वंश नीचे गिर गया। दोस्तों ने CPR समेत बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। वंश नौवीं कक्षा में पढ़ता था। परिवार में माता-पिता और छोटी बहन हैं। अंतिम संस्कार के बाद शनिवार को माता-पिता अस्थियां विसर्जित करने हरिद्वार गए हैं (पढ़ें पूरी खबर)

2. ट्रक से टकराई बाइक, 3 युवकों की मौत

जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गोरायां ओवरब्रिज के पास देर रात करीब 3:30 बजे भीषण हादसा हो गया। एक स्प्लेंडर बाइक आगे चल रहे डाक पार्सल ट्रक के पीछे जा घुसी। बाइक ट्रक के नीचे करीब 10 फीट तक फंस गई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों की मौत हो गई। तीनों जालंधर से लुधियाना की तरफ जा रहे थे।

सूचना मिलते ही SSF टीम मौके पर पहुंची। तीनों को 108 एंबुलेंस से फिल्लौर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव सिविल अस्पताल फिल्लौर भेज दिए हैं। शुरुआती जांच में ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन हादसे का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से गायब मिला, जिसकी तलाश जारी है। ट्रक महाराष्ट्र नंबर का है।

बाइक का नंबर PB-10KB-1280 है, जो लुधियाना RTO का है। दो मृतकों की पहचान साहिल और जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जबकि तीसरे की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस को तीन मोबाइल मिले हैं, जिनसे परिजनों की तलाश की जा रही है। तीनों के लुधियाना में फैक्ट्री वर्कर होने और मूल रूप से यूपी के रहने की बात सामने आई है (पढ़ें पूरी खबर)

3. फ्री पेट्रोल के लिए छाप दिए फर्जी कूपन

चंडीगढ़ में पेट्रोल के लंगर के लिए बांटे जा रहे कूपन में फर्जीवाड़ा सामने आया है। सेक्टर-7 स्थित सिद्धू पेट्रोल पंप पर 2500, 1000 और 500 रुपए के नकली कूपन पकड़े गए। इसके बाद इन तीनों राशि वाले कूपन बंद कर दिए गए हैं। अब पेट्रोल पंपों पर सिर्फ 300 रुपए वाले कूपन ही स्वीकार किए जा रहे हैं।

पेट्रोल पंप संचालकों को कारोबारी राकेश त्रेहन उर्फ राजा दी किंग की ओर से दिए कूपन और पंप पर इस्तेमाल होने वाले कूपन के कागज में अंतर नजर आया। राजा दी किंग के कूपन मोटे, जबकि पंप के कूपन हल्के कागज पर छपे थे। शक होने पर उन्हें बुलाकर कूपनों की जांच की गई, जिसमें 2500, 1000 और 500 रुपए वाले कूपन नकली मिले।

नकली कूपन बनाने वालों ने 300 रुपए वाले कूपन की नकल नहीं की थी, इसलिए फिलहाल यही कूपन चल रहे हैं। राजा दी किंग ने बताया कि नए पेट्रोल कूपन तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें जल्द बांटा जाएगा। इससे पहले चंडीगढ़ में 500-500 रुपए के नोटों का लंगर भी लगाया जा चुका है (पढ़ें पूरी खबर)

4.कॉन्स्टेबल पर कार चढ़ा पैर तोड़े, VIDEO सामने आया

गुरदासपुर के बब्बेहाली अड्डे पर पुलिस कॉन्स्टेबल करणप्रीत सिंह पर कार चढ़ाकर जानलेवा हमला करने का CCTV वीडियो सामने आया है। 1 सितंबर की शाम ड्यूटी खत्म कर करणप्रीत बहन के कहने पर राशन लेने पहुंचा था। बाइक रोकते ही पीछे से तेज रफ्तार क्रेटा ने उसे टक्कर मार दी। कार सवार युवकों ने नीचे गिरे कांस्टेबल पर बेसबॉल बैट और दातर से हमला किया। उसकी दोनों टांगें टूट गईं और वह अस्पताल में भर्ती है।

शोर सुनकर दुकान से उसकी बहन बलजिंदर कौर बाहर आई और भाई को बचाने हमलावरों के बीच पहुंच गई। बहन का दावा है कि एक आरोपी ने पिस्टल निकाली थी। वह भाई के ऊपर लेट गई, जिससे आरोपी गोली नहीं चला सका। हमलावरों ने उस पर भी हमला किया।

परिवार ने आरोप लगाया कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस को सूचना देने की रंजिश में हमला किया गया। करणप्रीत ने भी इसी वजह का दावा किया है। थाना तिब्बड़ पुलिस ने CCTV और परिवार के बयानों के आधार पर 5 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है (पढ़ें पूरी खबर)

5. PPSC ग्रुप-1 रेगुलेशन में संशोधन को मंजूरी, फूड ग्रेन पॉलिसी को हरी झंडी

पंजाब कैबिनेट की बैठक शनिवार को चंडीगढ़ में सीएम भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट मंत्री हरपाल चीमा ने बैठक के बाद फैसलों के बारे में जानकारी दी।

चीमा ने बताया कि बैठक में पीपीएससी ग्रुप-1 रेगुलेशन में संशोधन को मंजूरी दे दी गई। इसके अलावा बैठक में नई भर्तियां निकालने पर भी चर्चा हुई। बैठक में पंजाब फूड ग्रेन ट्रांसपोर्ट पॉलिसी को हरी झंडी दे दी गई।

चमकौर साहिब अस्पताल में 33, मलेरकोटला व धूरी के अस्पतालों में 19 व डेंटल विभाग में 80 पदों को भरने की मंजूरी भी कैबिनेट की बैठक में दे दी गई। हरपाल चीमा ने बताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान अब तक युवाओं को 71 हजार सरकारी नौकरियां दी हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

6. झगड़ा सुलझाने पहुंचे कांग्रेस नेता को गोली मारी

अमृतसर में दो पक्षों के विवाद के दौरान कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सिरसा को गोली मार दी गई। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सिविल अस्पताल अजनाला ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने अमृतसर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना अजनाला से कुछ दूरी पर गांव जगदेव खुर्द के पास हुई। जानकारी के मुताबिक देर रात किसी बात को लेकर दो पक्षों में मामूली विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर गुरदीप सिंह सिरसा दोनों पक्षों में समझौता कराने पहुंचे। इसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से गोली चला दी गई, जो उन्हें लग गई।

सूचना मिलते ही थाना अजनाला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। SHO अजयपाल सिंह ने बताया कि घायल नेता की हालत ठीक होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान और विवाद की असली वजह का पता लगाने में जुटी है। दोनों पक्षों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है (पढ़ें पूरी खबर)

7. हमारे 2 टीचरों को नेशनल अवॉर्ड मिला

राष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशभर के 48 चुनिंदा शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया। इनमें पंजाब के पटियाला के डॉ. दिनेश कुमार और चंडीगढ़ के रवि जयसवाल शामिल हैं। डॉ. दिनेश पंजाब से पुरस्कार के लिए चुने गए अकेले शिक्षक हैं।

वे पटियाला के सरकारी विक्टोरिया गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल में फिजिक्स लेक्चरर हैं और 25 साल से पढ़ा रहे हैं। उन्होंने वर्चुअल फिजिक्स लैब और 100 से ज्यादा जीरो-कॉस्ट मॉडल बनाए, जिससे छात्र बिना महंगे उपकरणों के प्रयोग समझते हैं। वे जरूरतमंद छात्राओं को स्कूल के बाद और छुट्टियों में मुफ्त कक्षाएं भी देते हैं।

वहीं, चंडीगढ़ के मलोया स्थित गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल के साइंस टीचर रवि जयसवाल ने टिन-थर्मोकोल से 3D गुंबद थिएटर बनाया, जिसमें बच्चे अंतरिक्ष और विज्ञान को देखकर सीखते हैं। उन्होंने स्कूल में मौसम केंद्र भी बनाया है। उनका प्रयोग चंडीगढ़ के 6 सरकारी स्कूलों में शुरू हुआ है और करीब 20 छात्र राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनियों में हिस्सा ले चुके हैं। रवि जरूरतमंद छात्रों की आर्थिक मदद भी करते हैं (पढ़ें पूरी खबर)

8. दूसरी शादी से पिता का नाम नहीं बदलेगा

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने बच्चे के जन्म प्रमाणपत्र में पिता का नाम बदलने को लेकर फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि दूसरी शादी के बाद जन्म प्रमाणपत्र में दर्ज जैविक पिता का नाम नहीं बदला जा सकता। मामला एक महिला की याचिका से जुड़ा था। महिला ने दोबारा शादी के बाद बच्चे के जैविक पिता की जगह पति जगजीत सिंह का नाम दर्ज करने की मांग की थी।

हाईकोर्ट ने कहा कि बच्चे के जन्म के समय मौजूद जैविक तथ्य बाद में हुई शादी, तलाक या वैवाहिक स्थिति बदलने से नहीं बदलते। जन्म प्रमाणपत्र बच्चे के जन्म और उस समय उसके माता-पिता से जुड़े तथ्यों का रिकॉर्ड है। कोर्ट ने फैसले का हवाला देते हुए कहा कि बाद की घटनाओं के आधार पर जन्म के समय दर्ज तथ्यों को मिटाया नहीं जा सकता। हाईकोर्ट ने महिला की याचिका खारिज कर दी और नाम बदलने की मांग ठुकरा दी (पढ़ें पूरी खबर)

9. CM मान बोले- मैं टीचर का बेटा, घर में देखा गुरु का संघर्ष

मोहाली के सेक्टर-62 स्थित विकास भवन में शिक्षक दिवस पर पंजाब सरकार ने शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया। CM भगवंत मान ने प्रदेश के 50 शिक्षकों को सम्मानित किया। मान ने कहा- मैं खुद एक अध्यापक का बेटा हूं। टीचर की जिंदगी में क्या-क्या मुश्किलें होती हैं, मैंने घर में देखी हैं।

मान ने कहा कि पहले स्कूल की हर छोटी-बड़ी जिम्मेदारी हेड मास्टर पर होती थी। उन्होंने शिक्षा मंत्री से बात कर हेड मास्टर को थोड़ा रिलैक्स करने की बात कही। सरकारी स्कूलों में पेरेंट्स-टीचर मीटिंग शुरू की गई। पिछली मीटिंग में 24 लाख माता-पिता पहुंचे।

CM ने कहा कि 2021 में पंजाब शिक्षा के मामले में 27वें नंबर पर था। 2022 में सरकार बनने के बाद चार साल में स्कूलों का कायापलट किया गया। बेंच, बाथरूम, चारदीवारी, क्लेरिकल-टीचिंग स्टाफ की भर्ती और ट्रेनिंग कराई गई। मान ने अपने शिक्षकों को याद करते हुए कहा- मेरा पढ़ाया बच्चा आज मुख्यमंत्री बन गया, इस पर टीचर्स को गर्व है। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के भविष्य का माली बताया (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके

10. जिस बेटे का किया अंतिम संस्कार, वह जेल में जिंदा मिला

कपूरथला में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिस 25 साल के रवि कुमार को परिवार ने मृत मानकर 13 अगस्त को अंतिम संस्कार कर दिया और 15 अगस्त को अंतिम रस्में व भोग भी कर दिया, वही अब कपूरथला सेंट्रल जेल में जिंदा मिला। जेल कर्मचारी का फोन आने के बाद परिवार जेल पहुंचा। वहां रवि को सामने देखकर परिजनों के होश उड़ गए।

दरअसल, 9 अगस्त को कांजली रोड के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शव की हालत खराब थी और चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद उसकी पहचान कराने की कोशिश की। इस दौरान कादूपुर निवासी रवि के परिवार ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अपने बेटे के रूप में कर दी। पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिया, जिसके बाद उन्होंने अंतिम संस्कार कर दिया।

अब जांच में सामने आया कि रवि 5 अगस्त से ही कपूरथला जेल में बंद था, यानी शव मिलने से चार दिन पहले ही वह जेल पहुंच चुका था। जालंधर पुलिस ने उसे आवारागर्दी के मामले में पकड़ा था और BNSS की धारा 128 के तहत जेल भेजा था। अब सबसे बड़ा सवाल है कि जिस शव का परिवार ने रवि समझकर अंतिम संस्कार किया, वह आखिर किसका था? DSP शीतल सिंह ने कहा कि पहचान में किस स्तर पर लापरवाही हुई, इसकी जांच होगी (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    OpenBuk Bharat (ओपनबुक भारत) आपका भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है। हम राष्ट्रीय, प्रादेशिक (बिहार), वाणिज्य, और मनोरंजन जगत की हर बड़ी खबर निष्पक्षता और सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।