![]()
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी चौक के समीप गुरुवार की देर शाम अभय यादव की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतक की मां पूनम देवी के बयान पर पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। मृतक और नामजद आरोपितों के बीच पहले से दोस्ती होने की भी बात सामने आई है। मृतक जगदीशपुर थाना क्षेत्र के विशेन टोला वार्ड संख्या 12 का रहने वाला था। प्राथमिकी में तियर थाना क्षेत्र के अंधारीबाग निवासी मनीष यादव और राहुल यादव, जगदीशपुर मीट मार्केट निवासी राहुल यादव द्वितीय, धनगाई थाना क्षेत्र के रामनगर बंगला निवासी रितेश यादव तथा बजवाबर निवासी राजा यादव को नामजद किया गया है। मां ने कहा- घर से साथ ले जाने से किया था मना प्राथमिकी में मृतक की मां पूनम देवी ने आरोप लगाया है कि तीन सितंबर की शाम पांचों आरोपित उनके घर पहुंचे थे। आरोपित अभय को अपने साथ ले जाने की बात कह रहे थे। परिजनों ने उसे साथ ले जाने से मना किया था। इसके बावजूद आरोपित चाय पीने के बहाने अभय को अपने साथ तेंदुनी चौक स्थित चाय की दुकान पर ले गए। पूनम देवी के अनुसार, चाय की दुकान पर पहुंचने के बाद आरोपितों ने अभय के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। प्राथमिकी के मुताबिक, राहुल यादव, राहुल यादव और रितेश यादव के ललकारने पर राजा यादव ने अभय पर गोली चला दी। पहली गोली अभय के बगल से निकल गई। इसके बाद आरोप है कि मनीष यादव ने पिस्तौल अभय के सीने से सटाकर गोली मार दी। गोली लगने के बाद अभय गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। दोस्त ने दी मां को घटना की जानकारी मृतक की मां ने प्राथमिकी में बताया है कि घटनास्थल पर अभय का एक दोस्त मौजूद था। उसी दोस्त ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। बताया जाता है कि नामजद आरोपित पूर्व में अभय के दोस्त रह चुके हैं। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक पर चोरी-छिनतई के करीब आधा दर्जन मामले जगदीशपुर एसडीपीओ राहुल कुमार ने बताया कि मृतक अभय यादव का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र में उसके विरुद्ध करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं से जुड़े मामले शामिल हैं। एसडीपीओ ने बताया कि मृतक और आरोपितों के बीच पहले से दोस्ती थी और सभी की आपराधिक छवि रही है। प्रथमदृष्टया आपसी विवाद में हत्या किए जाने की आशंका है। प्रभारी थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि हत्या के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और मृतक के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान जारी है। नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Source link
'बेटे को चाय पिलाने के बहाने ले गए, मार डाला':मां के बयान पर 5 लोगों के खिलाफ FIR, आरोपी ने दोस्त के सीने में मारी थी गोली
